विज्ञापन

खाटूश्यामजी से 15 अगस्त को अगवा हुआ 20 महीने का बच्चा, हरियाणा में मिला, निःसंतान महिला गिरफ्तार

करीब 20 महीने के बच्चे को ढूंढने के लिए 100 पुलिसकर्मियों की 6 टीमें बनाई गई. इन टीमों ने 500 सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला, जिसके बाद बच्चे का सुराग मिल पाया.

खाटूश्यामजी से 15 अगस्त को अगवा हुआ 20 महीने का बच्चा, हरियाणा में मिला, निःसंतान महिला गिरफ्तार
खाटूश्यामजी से बच्चे का अपहरण करने के मामले में महिला गिरफ्तार.

खाटूश्यामजी में 20 महीने के एक बच्चे के अपहरण के मामले में महिला की गिरफ्तारी हुई है. आरोपी पिंकी (30) बिहार की रहने वाली बताई जा रही है, साथ ही पुलिस ने बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया है. आरोपी महिला निःसंतान थी और बल्लभगढ़ (हरियाणा) में किराए के मकान में रह रही थी. 15 अगस्त की शाम खाटूश्यामजी मंदिर क्षेत्र में बरेली (यूपी) के रहने वाले एक शख्स का 20 महीने का बेटा परिवार से बिछड़ गया था. परिजनों ने तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला. इसके बाद 16 अगस्त को खाटूश्यामजी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई. 

6 टीमें और 100 पुलिसकर्मियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद करीब 100 जवानों को तलाश अभियान में लगाया और 6 अलग-अलग टीमें गठित कीं. इन टीमों ने खाटूश्यामजी कस्बे से लेकर हरियाणा तक होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, दुकानों और रास्तों पर लगे 500 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली. हजारों वाहनों की आवाजाही की भी जांच की गई. सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे रौनक को उंगली पकड़कर अपने साथ ले जाती दिखाई दी. इस फुटेज के आधार पर जब तलाश शुरू हुई तो लोकेशन हरियाणा के बल्लभगढ़ तक पहुंची.

लाखों श्रद्धालुओं के बीच आसान नहीं थी तलाश

एसपी ने बताया कि खाटूश्यामजी में मेले और धार्मिक आयोजनों के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में अज्ञात महिला की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी. पुलिस ने होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और होम स्टे संचालकों से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले. कार्रवाई की मॉनिटरिंग जयपुर रेंज आईजीपी राहुल प्रकाश, सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय दीपक गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर श्रीमस और वृत्ताधिकारी राजेश जांगिड़ ने की. 

करीब 500 कैमरों की फुटेज को खंगाला

खाटूश्यामजी थाने पुलिस के मुखबिर तंत्र से सूचने मिलने के बाद मामले का खुलासा हो गया और बच्चे को हरियाणा से बरामद कर लिया गया. सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि महिला के रूट को ट्रेस करने के लिए करीब 500 कैमरों की फुटेज को खंगाला गया. महिला से पूछताछ में सामने आया है कि पिछले करीब चार साल से कोई बच्चा नहीं था. पुलिस वारदात को अंजाम देने की वजह के बारे में पता लगा रही है. 

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में दौड़ेंगी 71 नई ई-बसें, जयपुर-जोधपुर-उदयपुर समेत 7 शहरों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Khatushyamji, Sikar News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com