Jaisalmer News: कल्पना कीजिए एक ऐसा चोर, जो आपके घर का ताला तोड़े, चोरी करे, इत्मीनान से बैठकर खाना खाए और जाते-जाते आपकी ही लिपस्टिक से दीवार पर पुलिस के नाम एक 'चुनौती भरा' मैसेज छोड़ जाए. जैसलमेर पुलिस ने आखिरकार एक ऐसे ही सनकी चोर को गिरफ्तार कर लिया है, जो वारदात के बाद लिपस्टिक से पुलिस और सिस्टम का मजाक उड़ाता था. खुद को 'बिहारी बाबू' बताने वाले इस चोर की सनक ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए थे.
अधिकारी के घर हुई थी चोरी
यह पूरा मामला 31 जनवरी की रात का है, जब जैसलमेर की IGNP कॉलोनी में सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सरकारी आवास में चोरी हुई थी. चोर ने वहां से लैपटॉप, टीवी, परफ्यूम और कपड़े तो चुराए ही, लेकिन भागने से पहले घर में रखी लिपस्टिक से दीवार पर पुलिस के लिए तंज भरा संदेश लिखा. उसने लिखा- 'घर में दारू रख रहे हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो.' इतना ही नहीं, उसने पुलिस को चिढ़ाते हुए सलाह दी- 'थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा... रिपोर्ट मत करना.' आखिर में 'बिहारी बाबू' लिखकर वह गायब हो गया.
18 बार जेल की हवा, फिर भी वही अदा
पुलिस के हत्थे चढ़ा यह आरोपी तेजाराम सुथार (39 वर्ष) जोधपुर के बबर मगरा का रहने वाला है. तेजाराम कोई मामूली चोर नहीं, बल्कि एक पेशेवर अपराधी है जिसके खिलाफ पहले से 18 चोरी के मामले दर्ज हैं. वह हर बार पकड़ा जाता है, आसानी से अपना जुर्म कबूल करता है और सजा काटकर बाहर आते ही फिर चोरी पर निकल पड़ता है. इसकी सबसे बड़ी सनक यह है कि यह जिस घर को निशाना बनाता है, वहां काफी समय बिताता है और आराम से खाने-पीने की चीजों का उपयोग करता है.
ट्रेस न हो इसीलिए फोन नहीं रखता
जैसलमेर पुलिस के लिए तेजाराम को पकड़ना टेढ़ी खीर साबित हो रहा था क्योंकि वह कभी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता, जिससे उसे ट्रेस करना नामुमकिन था. कोतवाली थाना अधिकारी सुरजाराम की टीम ने अपने मुखबिर तंत्र को मजबूत किया और लगातार इनपुट जुटाने के बाद 7 अप्रैल को जोधपुर में दबिश देकर उसे धर दबोचा. पुलिस ने उसके पास से चोरी का लैपटॉप बरामद कर लिया है और बाकी सामान के लिए उसे रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- राजस्थान में जज-विधायक की शादी के चक्कर में नप गए IPS समेत ये अधिकारी, सरकार ने नोटिस भेज मांगा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं