- अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव से पहले पुराने साथियों को मिलन और एकजुट होने का समय बताया है
- उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आर्थिक स्थिति पर हो रहे हमलों को लेकर एकजुट होने की बात कही है
- अखिलेश यादव पुराने साथियों और बागी विधायकों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है. इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि राज्यसभा चुनाव का समय मिलन का समय होता है. अगर किसी को लगता है कि हमारे लोकतंत्र और संविधान पर हमला हो रहा है तो कड़वी बातें सब भूलकर जो साथी साथ आना चाहते हैं तो हम सब चीजें भूल जाएंगे. अखिलेश के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. माना जा रहा है कि वे अपने पुराने साथियों और बागी विधायकों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं.
'यह मिलन का समय'
अखिलेश यादव ने कहा. 'अपनी पुरानी गलतियों को भूलकर, दूसरों के साथ, सिद्धांत के साथ खड़े हो जाने का एक बार मौका मिलता है. अगर किसी को लगता है कि हमारे लोकतंत्र, हमारे संविधान, देश की हमारी अर्थव्यवस्था पर हमला हो रहा है, महंगाई बढ़ रही है, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है, अगर उन्हें लगता है कि ये सब गलत फैसले है तो राज्यसभा चुनाव से पहले मिलन का समय आता है. कड़वी बातें सब भूलकर मिलना चाहिए. हम तो केवल इतना ही कह रहे हैं कि जो रास्ता भूल गए हैं, जो साथी साथ आना चाहते हैं, उनके लिए हम सभी पुरानी चीजें भूल जाएंगे.'
किसको लुभाना चाह रहे अखिलेश?
अखिलेश के इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि वे गठबंधन के पुराने साथियों को फिर से लुभाने की कोशिश कर रहे हैं. 2017 के चुनाव में ओपी राजभर समाजवादी पार्टी के साथ थे, लेकिन इन दिनों वे लगातार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमलावर हैं. इसके अलावा हाल ही में बीजेपी के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने अखिलेश को लेकर कहा था कि उनके बिना सब सूना है. अखिलेश ने भी कहा कि उनके सिंह के साथ अच्छे संबंध रहे हैं. वहीं समाजवादी पार्टी के 8 विधायकों ने भी बगावत की थी. इधर कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और सपा के गठबंधन की भी चर्चाएं चली थीं. अखिलेश के 'मिलन का मौका' वाले बयान को इन सभी नेताओं से जोड़कर देखा जा रहा है.
'सबको साथ आना चाहिए'
अखिलेश यादव ने कहा कि ये खूबसूरत देश है जिसके पास शानदार लोकतंत्र का इतिहास है, संविधान है, इसको बचाने के लिए हम सब लोगों को एक साथ आना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो गठबंधन पहले से था जिसने बीजेपी को हराया, समाजवादी पार्टी के उसी गठबंधन को आगे बढ़ाने का काम करेंगी.
AIMIM के साथ गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'जिस गठबंधन ने भाजपा को हराया था, समाजवादी पार्टी उसी गठबंधन को आगे बढ़ाने का काम करेगी.'
यह भी पढ़ें: यूपी की 57 सीटों पर राहुल और अखिलेश का खेल बिगाड़ सकती है AIMIM? ओवैसी के अल्टीमेटम में कितना दम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं