भारत-पाकिस्तान सीमा से महज 50 किलोमीटर दूर घर की छत पर ड्रग्स की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. बाड़मेर जिले में सेड़वा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की अवैध फैक्ट्री पर कार्रवाई की. पुलिस ने मौके से करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का माल बरामद किया है. मौके से 920 ग्राम एमडी, ड्रग्स बनाने में काम आने वाला 40 किलोग्राम केमिकल-पाउडर और 24 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी जब्त की गई है. इसके अलावा पुलिस ने ड्रग्स तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मशीनें और अन्य उपकरण भी जब्त किए.
पुलिस की स्पेशल टीम ने दी दबिश
सेड़वा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौड़ा गांव में अवैध मादक पदार्थ तैयार किए जा रहे हैं. इस गोपनीय सूचना पर थानाधिकारी प्रभुराम और उनकी विशेष टीम पहुंची. टीम ने मुकेश कुमार के घर पर रेड की. जब घर की तलाशी ली तो घर की छत पर और पीछे बने एक कमरे में एमडी ड्रग्स बनाने का पूरा सेटअप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.
आरोपी फरार, पत्नी पुलिस की गिरफ्त में
कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मुकेश कुमार पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मौके से मुकेश की पत्नी अंजू को हिरासत में ले लिया हैं, जिससे लंबी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं.
नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
थानाधिकारी प्रभुराम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार महिला अंजू से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह ड्रग्स नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ था और केमिकल की सप्लाई कहां से होती थी. मुख्य आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी के लिए भी कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ेंः मदरसे में सेप्टिक टैंक साफ करते वक्त 13 छात्राएं गिरीं, 1 की मौत; संचालक के खिलाफ होगा एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं