पाकिस्तानी ड्रोन तस्करों ने लगता है अब भारत में तस्करी का नया रास्ता तलाश लिया है. बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र लगातार ड्रोन के द्वारा हीरोइन के साथ अत्याधुनिक हथियार भेजे जा रहे है. इसी की रोकथाम को लेकर बीकानेर पुलिस, बीएसएफ और इंटेलिजेंस एजेंसी लगातार कार्यवाही कर रही है. इसी कड़ी में बीकानेर पुलिस ने खाजूवाला में ड्रोन से भेजे जा रहे मादक पदार्थ और हथियारों के जखीरे का कंसाइनमेंट पकड़ा है जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है.
गुजरात एटीएस ने दी थी जानकारी
ड्रोन के द्वारा तस्करी पहले श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ क्षेत्र में की जा रही थी. इस बात का खुलासा नवंबर 2025 में गुजरात एटीएस ने किया और बताया कि कि पाकिस्तानी तस्करों द्वारा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के क्षेत्र में ड्रोन के जरिये पैकेट भेजे जा रहे है. इस खुलासे के बाद इन क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई तो तस्करों ने नया रूट अपना लिया.
इस रूट से खाजूवाला क्षेत्र में भेजा जा रहा माल वहां के शराब तस्करों के जरिए गुजरात और पंजाब भेजा जा रहा है. इससे पहले अप्रैल में भी 14 किलो हेरोइन पुलिस ने जब्त की थी, जिसकी कीमत सत्तर करोड़ रुपए मानी जा रही थी.

पाकिस्तानी सीमा पर पकड़े गए हथियारों और हीरोइन के जखीरे के साथ पुलिस
Photo Credit: NDTV
गृहमंत्री के दौरे के बाद बढ़ी सख्ती
बीकानेर के एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह के मई में हुए दो दिवसीय दौरे के दौरान बीएसएफ के जवानों के साथ संवाद किया था और संभाग के सभी जिला कलेक्टर और एसपी के साथ सुरक्षा को लेकर बैठक की थी. इसके बाद से पुलिस की निगरानी तेज कर दी गई.
उसी का नतीजा है कि 2 अगस्त को पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा पकड़ा. साथ ही करीब 50 करोड़ कीमत की 10 किलो हीरोइन बरामद की और एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. खाजूवाला थाना टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाया था जिसमें सर्च ऑपरेशन के दौरान 10 किलो हेरोइन, 11 ऑटोमेटिक हथियार, 22 मैगजीन, 100 कारतूस बरामद हुए.
रखी जा रही कड़ी नजर
बीकानेर एसपी ने बताया कि पुलिस की टीम सीमा पार से तस्करी रोकने के लिए लगातार सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क बनाए हुए है. वहीं सीमा पर संवाद कार्यक्रम भी किया जा रहा है जिससे आमजन पुलिस से जुड़े. साइबर टीम ने तस्करी के इस नए रास्ते पर रोक लगाने के लिए इस क्षेत्र में हरेक मूवमेंट पर नजर रखनी शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें-: अजमेर में टूरिस्ट के मोबाइल में APK फाइल भेजकर किया हैक, खाते से 1.35 लाख रुपये कर लिए ट्रांसफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं