जयपुर के मालवीय नगर इलाके में सोमवार तड़के हुए हिट एंड रन हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मॉडल टाउन के पास नाबार्ड कॉलोनी के सामने जगतपुरा रोड पर तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक्टिवा सवार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, जगतपुरा के अशोक विहार निवासी 40 वर्षीय श्रवण नाथ सुबह करीब 4:30 बजे एक्टिवा से मालवीय नगर की ओर जा रहे थे. मॉडल टाउन के पास पहुंचते ही पीछे से आई तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, और घायल को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई. घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में मर्सिडीज कार हादसे के बाद अपेक्स सर्किल से यू-टर्न लेकर दोबारा घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दे रही है.
कार की हेडलाइट मौके से बरामद
हादसे के दौरान कार की एक हेडलाइट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. अधिकारियों का मानना है कि इसी सुराग के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में मदद मिलेगी. आस-पास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है.
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
मालवीय नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच एएसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है. पुलिस फरार चालक और वाहन की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है.
यह भी पढ़ें: दौसा समलेटी बस ब्लास्ट के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद की फांसी की सजा रद्द, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं