हनुमानगढ़ के भादरा में महज 1 रुपये के लिए एक छात्र की इतनी पिटाई हुई कि उसकी जान पर बन आई. रोडवेज बस में किराए को लेकर शुरू हुई बहस के बाद नाबालिग को भीड़ ने घेर लिया. उसे बस से नीचे उतारा गया और फिर लाठी-डंडे लेकर लोग टूट पड़े. इतना ही नहीं, उसे लोहे की रॉड से इतनी बुरी पिटाई की गई कि वो अधमरा सा हो गया. घटना 8 मई की बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि 2 की तलाश जारी है. वहीं, घायल छात्र की हालत काफी गंभीर बनी हुई है.
11 रुपये के टिकट पर कहासुनी और फिर मारपीट
पुलिस के मुताबिक, छात्र शादी समारोह से लौटकर मलसीसर गांव की ओर जा रहा था. छात्र ने बस के कंडक्टर को 10 रुपये देकर टिकट मांगी, लेकिन किराया 11 रुपये था. इसके बाद कंडक्टर ने 1 रुपया मांगा और फिर कहासुनी शुरू हो गई. कंडक्टर का परिचित भगवानाराम भी बस में मौजूद था. भगवानराम भी बहस में कूद गया और छात्र से बहस करने लगा.
बस से घसीटा, भीड़ ने की पिटाई
जब छात्र बस से नीचे उतरने लगा तो उसे उतरने नहीं दिया. कुछ देर बाद उसे घसीटकर उतारा गया और कई लोग मौके पर जमा हो गए. लड़के को लात-घूंसों, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. तभी मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव भी किया और छात्र को बचाया. लहूलुहान हालत में उसे भादरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजन उसे हिसार लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है.
Watch: बस किराए में 1 रुपया कम पड़ा तो युवक को लोहे की रॉड से पीटा, हनुमानगढ़ में मारपीट का मामला #hanumangarh #rajasthan pic.twitter.com/pbydQ552pp
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) May 11, 2026
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
एएसपी गीता चौधरी ने बताया कि भगवानाराम और उसके गांव के कुछ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. भगवानाराम, मानसिंह और चुन्नीलाल को राउंडअप कर लिया है. जबकि फरार आरोपित राकेश और प्रदीप की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल में आग, साजिश या हादसा? अस्पताल में मचा हड़कंप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं