विज्ञापन

प्राइवेट स्कूल के बाथरूम में बच्ची के साथ 'अंकल' ने की गलत हरकत, धरना और तनाव

डीडवाना में मंगलवार रात को एक प्राइवेट स्कूल के बाहर भारी हंगामा हुआ और मकराना के विधायक तथा पूर्व विधायक भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की.

प्राइवेट स्कूल के बाथरूम में बच्ची के साथ 'अंकल' ने की गलत हरकत, धरना और तनाव
स्कूल के बाहर हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई
NDTV

डीडवाना जिले के मकराना शहर के एक निजी स्कूल में अध्ययनरत साढ़े तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद शहर में आक्रोश फैल गया और मंगलवार रात सैकड़ों लोग स्कूल के बाहर एकत्रित हो गए. आक्रोशित लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूरी रात धरना-प्रदर्शन किया. पुलिस को दी गई रिपोर्ट में परिजनों का आरोप है कि स्कूल के बाथरूम में बच्ची के साथ गलत हरकत की गई. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शिक्षक पर पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. 

बच्ची ने क्या बताया?

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार बच्ची सोमवार को स्कूल से घर लौटी तो उसने अपनी मां को बताया कि स्कूल के बाथरूम में एक "अंकल" उसे ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की और उसे पकड़ने का प्रयास किया. बच्ची ने शरीर में दर्द होने की शिकायत भी की. इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में यौन दुराचार की आशंका जताई. इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर परबतसर थाने पहुंचे और पुलिस को रिपोर्ट दी.

मामले की जांच मकराना सीओ विक्की नागपाल को सौंपी गई, पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज सहित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. हालांकि पुलिस ने अब तक किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

लोग रात को स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए

लोग रात को स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए
Photo Credit: NDTV

धरने से लगा जाम

मंगलवार रात को जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, वैसे ही सैकड़ों लोग रात को ही स्कूल के बाहर जमा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया. इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर जाम भी लगा दिया गया. 

सूचना पर वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल, मकराना थानाधिकारी पंकज कुमार तथा पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा. अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी देर रात तक धरने पर डटे रहे.

धरना स्थल पर पूर्व विधायक श्रीराम भींचर भी पहुंचे और पूरी रात प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे रहे. उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार सुबह ही परबतसर थाने पहुंच गया था, लेकिन पुलिस ने मामले में गंभीर लापरवाही बरती. उनका कहना था कि इतनी संवेदनशील घटना के बावजूद बच्ची का मेडिकल रात करीब 11 बजे के बाद कराया गया. उन्होंने पुलिस की पूरी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में होता.

पूर्व विधायक श्रीराम भींचर ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

पूर्व विधायक श्रीराम भींचर ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
Photo Credit: NDTV

आरोपी की तलाश

पूर्व विधायक श्रीराम भींचर ने कहा, "जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक मैं धरना स्थल से नहीं उठूंगा. एक मासूम बच्ची के मामले में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन पूरे घटनाक्रम में घोर लापरवाही बरती गई. दोषी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा." उन्होंने प्रशासन को खरी-खोटी सुनाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

जबकि मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने की घटना की निंदा करते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

वहीं, वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आरोपी की तलाश जारी है. उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.

घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. बड़ी संख्या में लोग आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर डटे रहे. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-: स्कूली बच्चों से भरी वैन खड़े ट्रक से टकराई, एक मासूम की मौत; एक की हालत नाजुक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deedwana, Deedwana News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com