Free Pilgrimage Scheme: राजस्थान सरकार की देवस्थान विभाग संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत इस साल 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की निशुल्क यात्रा कराई जाएगी. योजना के तहत चयनित यात्रियों के रेल, हवाई यात्रा, आवास, भोजन, स्थानीय भ्रमण और चिकित्सा सुविधा का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी. योजना की पहली विशेष ट्रेन 13 जुलाई को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरै के लिए रवाना हो चुकी है. राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत साल 2013 से 2025 तक कुल 1 लाख 81 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक नि:शुल्क तीर्थ यात्रा कर चुके हैं. वर्ष 2026 के लिए योजना को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है.
56 हजार यात्रियों का चयन
इस वर्ष योजना के लिए प्राप्त आवेदनों में से कंप्यूटर आधारित लॉटरी के जरिए 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया है. इनमें 50 हजार यात्रियों को पूर्णतः वातानुकूलित विशेष ट्रेनों से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी, जबकि 6 हजार श्रद्धालु हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे.

एसी ट्रेन से रामेश्वरम और मदुरै की यात्रा
Photo Credit: IANS
इन धार्मिक स्थलों की कराई जाएगी यात्रा
योजना के तहत यात्रियों को रामेश्वरम-मदुरै, अयोध्या-वाराणसी-सारनाथ-हरिद्वार-ऋषिकेश, जगन्नाथपुरी-कोणार्क, द्वारका-सोमनाथ-नागेश्वर, वैष्णो देवी-अमृतसर-वाघा बॉर्डर, उज्जैन-ओंकारेश्वर-त्र्यंबकेश्वर, सम्मेद शिखर-पावापुरी, कामाख्या, तिरुपति बालाजी, गंगासागर, हजूर साहिब-पटना साहिब, मथुरा-वृंदावन-बरसाना और गोवा के प्रमुख मंदिर एवं चर्चों सहित विभिन्न तीर्थ सर्किटों का विकल्प दिया गया है.
क्या है पूरी प्रक्रिया?
योजना का लाभ केवल राजस्थान के स्थायी निवासी वरिष्ठ नागरिकों को मिलता है. पात्रता के अनुसार 1 अप्रैल 2026 तक आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए थी. यानी जन्म 1 अप्रैल 1966 या उससे पहले का होना आवश्यक है. आवेदक या उसका जीवनसाथी आयकरदाता नहीं होना चाहिए और पहले इस योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए. राज्य या केंद्र सरकार के सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी योजना के पात्र नहीं हैं. इस बार 1.92 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि लॉटरी के माध्यम से 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया है.
जीवनसाथी और सहायक को भी सुविधा
यदि कोई वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी के साथ आवेदन करता है तो कम आयु होने पर भी पति या पत्नी यात्रा में शामिल हो सकते हैं. वहीं, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के अकेले यात्री अपने साथ एक सहायक ले जा सकते हैं. हालांकि, हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सहायक साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

अब तक 1.81 लाख बुजुर्ग नि:शुल्क यात्रा कर चुके हैं (File)
Photo Credit: Social Media X
जरूरी दस्तावेज
यात्रा के लिए चयनित होने पर जन आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, सरकारी चिकित्सक से जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, आयकरदाता नहीं होने का स्व-घोषणा पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो और सक्रिय मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना होगा.
ऐसे देखें चयन सूची
देवस्थान विभाग ने जिलावार मुख्य सूची और प्रतीक्षा सूची जारी कर दी है. जिन आवेदकों ने आवेदन किया है, वे विभाग के आधिकारिक पोर्टल या संबंधित जिला कलेक्टर कार्यालय में जाकर अपना नाम देख सकते हैं. योजना के तहत आगामी दिनों में विभिन्न तीर्थ स्थलों के लिए विशेष रेल और हवाई यात्राओं का संचालन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-: राजस्थान से पहली बार रेगिस्तान के फल का निर्यात, बीकानेर से बांग्लादेश भेजा गया 11 टन हलावी खजूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं