विज्ञापन

राजस्थान से पहली बार रेगिस्तान के फल का निर्यात, बीकानेर से बांग्लादेश भेजा गया 11 टन हलावी खजूर

बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के खजूर अनुसंधान केंद्र ने बांग्लादेश को पहली बार निर्यात किया है जिससे 10 लाख रुपये की आमदनी हुई है.

राजस्थान से पहली बार रेगिस्तान के फल का निर्यात, बीकानेर से बांग्लादेश भेजा गया 11 टन हलावी खजूर
खजूर रेगिस्तानी इलाकों में उगाया जानेवाला एक प्रमुख फल है
Pexel

रेगिस्तानी पश्चिमी राजस्थान में खजूर के पेड़ बहुतायत में पाए जाते हैं. ये अब सूखे इलाकों के लिए उम्मीद जगाने वाली फसल के तौर पर उभर रहे हैं. राज्य में पहली बार, बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय ने बांग्लादेश को 11 टन से ज्यादा ताजे खजूर निर्यात किए हैं. आईसीएआर के 'सूखे इलाकों के फलों पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना' के तहत विश्वविद्यालय में खजूर की 54 से ज्यादा किस्मों का संग्रह है. निर्यात किए गए खेप में मुख्य रूप से प्रीमियम 'हलावी' किस्म शामिल थी.

बीकानेर में लगभग 350 हेक्टेयर क्षेत्र में खजूर की खेती हो रही है

बीकानेर में लगभग 350 हेक्टेयर क्षेत्र में खजूर की खेती हो रही है
Photo Credit: PTI

खास क्वालिटी का हलावी खजूर

खजूर अनुसंधान केंद्र के डॉ. राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा,"खजूर अनुसंधान केंद्र से इस बार यहां से करीब 11 टन माल बांग्लादेश को गया है. उसका कारण है कि जो यहां बीकानेर क्षेत्र के अंदर खजूर हो रहा है, उसकी क्वालिटी अच्छी है. खजूर का एक मार्केट धीरे-धीरे देश ही नहीं, देश के बाहर भी बन रहा है. अभी जो बांग्लादेश माल गया है उसमें हलावी किस्म के खजूर की मात्रा ज्यादा है."

उन्होंने बताया कि बांग्लादेश को खजूर के निर्यात से विश्वविद्यालय को लगभग 10 लाख रुपये की आमदनी हुई. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पूरे इलाके में खजूर उगाने वालों के लिए आय बढ़ाने के नए मौके पैदा होंगे. 

बीकानेर स्थित खजूर अनुसंधान केंद्र में उत्तम किस्मों का विकास किया जा रहा है

बीकानेर स्थित खजूर अनुसंधान केंद्र में उत्तम किस्मों का विकास किया जा रहा है
Photo Credit: PTI

किसानों के लिए कमाई का अवसर

स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र बाबू ने कहा, "पहली बार राजस्थान के इतिहास में हुआ है कि बीकानेर से इतनी मात्रा में खजूर बाहर निर्यात किया गया है. इससे विश्वविद्यालय को करीब 10 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है. निश्चित रूप में मैं कह सकता हूं कि खजूर राजस्थान के लिए वरदान साबित हो सकता है. किसान उगा भी रहे हैं. अभी बीकानेर जिले में लगभग 350 हेक्टेयर क्षेत्रफल में खजूर की खेती हो रही है."

कृषि वैज्ञानिकों के प्रयास और सरकारी प्रोत्साहन की बदौलत बीकानेर में खजूर की खेती तेजी से बढ़ रही है. माना जा रहा है कि इससे किसानों की आमदनी बेहतर होगी और राजस्थान की निर्यात क्षमता भी बढ़ेगी.

ये भी पढ़ें-: गैंगस्टर रोहित गोदारा का आलीशान घर ढहाया, पुलिस-प्रशासन ने खड़े किए हाथ, कहा- हमने नहीं गिराया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bikaner News, Dates, Bikaner, Bangladesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com