राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक किसान की महीनों की खून-पसीने की मेहनत पर बदमाशों ने पानी फेर दिया. जानकारी के मुताबिक, अज्ञात उपद्रवियों ने रात के अंधेरे में एक खेत में घुसकर करीब 3,000 फलदार पपीते के पौधों को काट डाला. दो महीने बाद जिस फसल से किसान को लाखों की कमाई होने वाली थी, वह सुबह जमीन पर बिखरी मिली. लाखों रुपये के इस भारी नुकसान से हताश पीड़ित किसान और ग्रामीणों ने अब पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन और चक्का जाम की चेतावनी दी गई है.
किसान का लाखों रुपये का नुकसान
जानकारी के अनुसार, एक साथ 3,000 पपीते के पेड़ काटे जाने की घटना झालावाड़ जिले के गुराड़िया जोगा गांव में हुई. अज्ञात लोगों ने खेत में लगे करीब तीन हजार फलदार पपीते के पौधों को काटकर पूरी फसल तबाह कर दी. किसान ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिश्रोली थाना क्षेत्र के गुराड़िया जोगा गांव के किसान आयुष पाटीदार ने बताया कि उसके साढ़े पांच बीघा खेत में लगे करीब तीन हजार अबीना किस्म के फलदार पपीते के पौधों को अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में काट डाला. बुधवार सुबह जब किसान खेत पर पहुंचा तो पूरी फसल बर्बाद देख उसके होश उड़ गए. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए.
2 महीने बाद फलों की होनी थी तुड़ाई
पीड़ित किसान आयुष पाटीदार ने बताया कि उसने मार्च महीने में 45 दिन पुराने पौधे लगाकर आधुनिक तकनीक से पपीते की खेती शुरू की थी. ड्रिप सिंचाई, खाद, दवाइयों और नियमित देखभाल पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे. करीब दो महीने बाद फलों की तुड़ाई शुरू होने वाली थी और इस बाग से लाखों रुपये की आय की उम्मीद थी, लेकिन उससे पहले ही पूरी फसल नष्ट कर दी गई.

मामले को लेकर पीड़ित किसान और अन्य किसान झालावाड़ के मिनी सचिवालय पहुंचे, जहां झालावाड़ पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत करवाया गया. घटना के बाद किसान ने मिश्रोली थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. किसान ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा नहीं हुआ तो किसान सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगे.
यह भी पढे़ं-
लव मैरिज पर खाप पंचायत ने सुना दिया फैसला, 21 लाख रुपये का जुर्माना, समाज से बहिष्कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं