विज्ञापन

140 करोड़ के नए जैसलमेर स्टेशन में है स्वर्ण नगरी की झलक, पीएम मोदी करेंगे 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अप्रैल को देशभर में जिन 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे उनमें राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं.

140 करोड़ के नए जैसलमेर स्टेशन में है स्वर्ण नगरी की झलक, पीएम मोदी करेंगे 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण
जैसलमेर के नए स्टेश का प्रवेशद्वार
NDTV

पर्यटन नगरी जैसलमेर शुक्रवार (17 जुलाई) को रेलवे के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे. इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन होगा. करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह तैयार है, जिसे आधुनिक सुविधाओं और शहर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप हेरिटेज स्वरूप दिया गया है.

जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर स्थानीय स्तर पर उद्घाटन समारोह दोपहर करीब 2:30 बजे आयोजित होगा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 3:30 बजे वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण करेंगे. कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.साथ ही जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपतराम हिंगड़ा, भाजपा शहर अध्यक्ष अरुण पुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम में करीब 500 से अधिक कार्यकर्ताओं, आमजन और 100 से 125 स्कूली विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है.

नया स्टेशन 8,327 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बना है

नया स्टेशन 8,327 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बना है
Photo Credit: NDTV

हेरिटेज लुक वाला स्टेशन

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जोधपुर रेल मंडल के हितेश यादव ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित नया स्टेशन भवन जी+2 संरचना में लगभग 8,327 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाया गया है. भवन के बाहरी हिस्से में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थर का उपयोग किया गया है, जिससे स्टेशन को शहर की सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत के अनुरूप आकर्षक हेरिटेज लुक मिला है.

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, दो आधुनिक फुट ओवरब्रिज, विशाल एयर कॉनकोर्स, एसी वेटिंग हॉल, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, विस्तृत पार्किंग और 480 वर्गमीटर का वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है. तीनों प्लेटफॉर्म पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में एंड-टू-एंड प्लेटफॉर्म शेल्टर लगाए गए हैं, जिससे हर मौसम में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी.

इसके अलावा स्टेशन परिसर में रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट, कियोस्क, रिटायरिंग रूम, डॉरमेटरी, आधुनिक वेटिंग लाउंज, मल्टी-पर्पज हॉल और कैटरिंग स्टॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. रेलवे को इन वाणिज्यिक परिसंपत्तियों से प्रतिवर्ष लगभग 50 लाख रुपये की गैर-किराया आय होने का अनुमान है.

रात के समय रोशनी में नहाया जैसलमेर स्टेशन

रात के समय रोशनी में नहाया जैसलमेर स्टेशन
Photo Credit: NDTV

अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह स्टेशन केवल यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार, हैंडीक्राफ्ट उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा. साथ ही नई रेल सेवाओं, पिट लाइन और बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए जैसलमेर की रणनीतिक और पर्यटन महत्व की भूमिका भी और मजबूत होगी. आधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक हेरिटेज वास्तुकला का यह संगम जैसलमेर रेलवे स्टेशन को देश के सबसे आकर्षक अमृत भारत स्टेशनों में शामिल करेगा.

ये भी पढ़ें-: बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए 2 किमी लंबी कतार, रामदेवरा में आषाढ़ शुक्ल दूज पर उमड़े श्रद्धालु

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Jaisalmer News, Amrit Bharat Station
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com