विज्ञापन

मां-बेटे की जोड़ी चला रही थी देह व्यापार का रैकेट, गुजरात और बंगाल की युवतियां भी मिलीं

बूंदी में पिछले सप्ताह पुलिस ने देवपुरा तहसील रोड स्थित एक मकान पर चल रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया था.

मां-बेटे की जोड़ी चला रही थी देह व्यापार का रैकेट, गुजरात और बंगाल की युवतियां भी मिलीं
आरोपी मां और बेटे को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया
NDTV

बूंदी में हाल ही में उजागर हुए चर्चित देह व्यापार मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया. पुलिस ने मामले की मुख्य संचालिका महिला सहित चार अन्य आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया. इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर स्वयं आरोपियों को न्यायालय लेकर पहुंचे. सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी आरोपियों को जेल में भेजने के आदेश दिए. मामले में लगातार हो रही कार्रवाई से जिलेभर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

डीएसपी राजेश टेलर ने बताया कि पुलिस जांच में इस पूरे गिरोह को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. इस कथित अनैतिक गतिविधि का संचालन एक महिला अपने बेटे के साथ मिलकर कर रही थी. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मकान से करीब ₹2.40 लाख की नकदी बरामद की. इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान के लिए इस्तेमाल की जा रही तीन डिजिटल पेमेंट मशीनें भी जब्त की गई हैं. पुलिस ने एक कार, एक टेम्पो और एक मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में लिया है, जिनका उपयोग इस नेटवर्क में किए जाने की आशंका जताई जा रही है.

आरोपी मकान मालिक महिला, बेटे और सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है

आरोपी मकान मालिक महिला, बेटे और सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
Photo Credit: NDTV

दूसरे राज्यों की लड़कियां मिलीं

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यह मामला केवल बूंदी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका नेटवर्क कई जिलों और राज्यों तक फैला हुआ था. पुलिस की पहचान प्रक्रिया और पूछताछ में पता चला कि मौके से मिली युवतियों में कुछ गुजरात के सूरत, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, राजस्थान के भीलवाड़ा और बूंदी की रहने वाली हैं. इससे यह संकेत मिला है कि कथित तौर पर बाहरी राज्यों और जिलों से भी युवतियों को यहां लाया जाता था. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा युवतियों को यहां तक लाने और ठहराने की व्यवस्था कौन करता था.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल आठ युवतियों और महिलाओं को सुरक्षित संरक्षण में लिया. वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को बूंदी स्थित 'सखी वन स्टॉप सेंटर' भेजा गया है. यहां उनकी काउंसलिंग, मेडिकल जांच और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं कराई जा रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित महिलाओं की पहचान और गोपनीयता की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

पुलिस इस रैकेट में किसी बड़े गिरोह की लिप्तता की भी जांच कर रही है

पुलिस इस रैकेट में किसी बड़े गिरोह की लिप्तता की भी जांच कर रही है
Photo Credit: NDTV

डिजिटल पेमेंट की जांच

पुलिस ने मकान में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित करने के आरोप में मकान मालिक महिला, उसके बेटे और उनके सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. जांच अधिकारी पूरे आर्थिक लेन-देन, डिजिटल भुगतान के रिकॉर्ड और जब्त किए गए वाहनों की भी गहन जांच कर रहे हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन कब से किया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं था.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिले में इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच व्यापक चर्चा है, वहीं पुलिस का कहना है कि अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें-: SHO और सीआई के साथ बीजेपी नेता ने थाने में बनाई रील, हरियाणवी गाने वाला वीडियो हुआ वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bundi, Bundi News, Rajasthan News, Bundi News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com