विज्ञापन

बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए 2 किमी लंबी कतार, रामदेवरा में आषाढ़ शुक्ल दूज पर उमड़े श्रद्धालु

रामदेवरा में बाबा की समाधि पर राजस्थान के अलावा गुजरात, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद सहित देशभर के विभिन्न शहरों से भक्त दर्शन के लिए पहुंचे हैं.

बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए 2 किमी लंबी कतार, रामदेवरा में आषाढ़ शुक्ल दूज पर उमड़े श्रद्धालु
रामदेवरा में रात भर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही
NDTV

जैसलमेर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की दूज के पावन अवसर पर बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए गुरुवार अलसुबह रामदेवरा में अभूतपूर्व आस्था देखी जा रही है. गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि पर मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दर्शन के लिए 2 किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लग गई.

रात से ही लगी कतार

बाबा की समाधि के दर्शन की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुधवार, 15 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे से ही श्रद्धालु समाधि स्थल के बाहर कतार में बैठना शुरू हो गए थे. रात बढ़ने के साथ कतार लगातार लंबी होती गई.

गुरुवार तड़के करीब 3 बजे जैसे ही समाधि स्थल के प्रवेश द्वार खुले, "रामसापीर की जय" के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए. 

बाबा रामदेव के भक्त देश और दुनियाभर में फैले हैं

श्रद्धालुओं के दर्शन से पहले बाबा रामदेव की विशेष पूजा की गई
Photo Credit: NDTV

दूज के अवसर पर बाबा रामदेव की समाधि का दूध, दही और केसर से विशेष अभिषेक किया गया तथा स्वर्ण मुकुट धारण कराया गया. विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था शुरू की गई.

गुजरात से आए सबसे ज्यादा श्रद्धालु

रामदेवरा में सबसे अधिक श्रद्धालु गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर सहित अन्य जिलों से पहुंचे. इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, जयपुर, जोधपुर सहित देशभर के विभिन्न शहरों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे.

बाबा रामदेव के भक्त देश और दुनियाभर में फैले हैं

बाबा रामदेव के भक्त देश और दुनियाभर में फैले हैं
Photo Credit: NDTV

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए. वहीं, आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से दोनों अस्थायी पुलियों की व्यवस्था की गई. दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मेला मैदान में सजी विभिन्न दुकानों से खरीदारी का भी आनंद लिया.

आषाढ़ माह की दूज पर इस बार अपेक्षा से कहीं अधिक श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचे, जिससे कस्बे के सभी प्रमुख मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं का जनसैलाब नजर आया और पूरा रामदेवरा भक्ति व आस्था के रंग में सराबोर हो गया.

ये भी पढ़ें-: राजस्थान से पहली बार रेगिस्तान के फल का निर्यात, बीकानेर से बांग्लादेश भेजा गया 11 टन हलावी खजूर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Ramdevra News, Baba Ramdev
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com