दौसा के मंडावर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि फौजी पति ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी की गर्दन पर गोली मार दी. गोली लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार शुरू हो गई. गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
पति ने खुद पहुंचाया अस्पताल
गोली मारने के बाद आरोपी पति खुद घायल पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा, और प्राथमिक उपचार कराया. इसके बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह पत्नी को साथ लेकर वहां से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
हरियाणा के करनाल से आए थे श्रद्धालु
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी श्रद्धालु हरियाणा के करनाल से मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने आए थे. लौटते समय मंडावर बस स्टैंड के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने रिवाल्वर निकालकर पत्नी पर फायर कर दिया. गोली महिला की गर्दन में लगी जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद मंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवा दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है. बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान हरियाणा के हसनपुर निवासी रविंद्र के रूप में हुई है. घटना रविवार की बताई जा रही है.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी है. बस में मौजूद श्रद्धालुओं से पूछताछ की जा रही है, जिससे विवाद की असली वजह सामने आ सके. पुलिस आरोपी और घायल महिला की तलाश कर रही है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: श्मशान में शर्मनाक घटना! 11 साल के मासूम की चिता को भी नहीं छोड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं