पंजाब में एक मजदूर की आत्महत्या का मामला विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है. संगरूर जिले के निवासी गुलजार सिंह की मौत के बाद सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच तीखी राजनीतिक टकराव की स्थिति बन गई है.
बताया जा रहा है कि गुलजार सिंह ने आत्महत्या से पहले एक ऑडियो संदेश छोड़ा था, जिसमें उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र किया था. परिवार का आरोप है कि अंतिम संस्कार भी उनकी मर्जी के खिलाफ कराया गया.
गांव पहुंचने से पहले ही घिरा BJP नेताओं का काफिला
गुरुवार को पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात करने संगरूर के तूर बंजारा गांव जा रहे थे. उनके साथ वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बादल, सुनील जाखड़ और अश्विनी शर्मा भी मौजूद थे. बीजेपी का आरोप है कि रास्ते में उनके काफिले को घेर लिया गया और आगे नहीं जाने दिया गया. पार्टी ने आरोप लगाया कि इस घटना में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भूमिका थी.
BJP बोली- लोकतंत्र पर हमला
केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके वाहन के आसपास जुट गए जबकि पास में मौजूद पुलिस ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया. उन्होंने कहा कि यह केवल उन पर नहीं बल्कि लोकतंत्र पर हमला है. बीजेपी का कहना है कि वह केवल पीड़ित परिवार को सांत्वना देने जा रही थी, लेकिन राजनीतिक कारणों से उसे रोका गया.
AAP ने किया पलटवार
वहीं आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के आरोपों को खारिज कर दिया है. पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब की जनता ने उन नेताओं को वापस लौटा दिया जो दुख की घड़ी में भी राजनीति करने पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी एक गरीब दलित परिवार के दर्द को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है.
मनीष सिसोदिया ने भी साधा निशाना
AAP नेता मनीष सिसोदिया ने भी बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि गांव के लोगों ने उन नेताओं को जवाब दिया जो एक परिवार की पीड़ा को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे थे. पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव से पहले नशे का मुद्दा लगातार चर्चा में है. गुलजार सिंह की मौत के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है. ऐसे में आने वाले दिनों में बीजेपी और AAP के बीच इस मुद्दे पर सियासी घमासान और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मेरे प्यार में कहीं वो नसें ना काट लें... आम आदमी पार्टी को लेकर ये क्या बोल गए राघव चड्ढा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं