विज्ञापन
This Article is From Jun 03, 2025

पंजाब से एक और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ISI को दे रहा था सेना की खुफिया जानकारी

तरनतारन के पीएस सिटी पुलिस स्टेशन में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत गगनदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के पूरे दायरे का खुलासा हो सके.

पंजाब से एक और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ISI को दे रहा था सेना की खुफिया जानकारी
पंजाब:

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में पंजाब के तरनतारन से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि वो ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी सैन्य जानकारियां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) को भेज रहा था. पंजाब पुलिस ने काउंटर-इंटेलिजेंस के साथ मिलकर ये बड़ी कार्रवाई की है. आरोपी की पहचान तरनतारन के मोहल्ला रोडूपुर गली नजर सिंह वाली के गगनदीप सिंह उर्फ गगन के रूप में हुई है.

पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गगनदीप पिछले पांच साल से पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था. चावला के जरिए उसका संपर्क आईएसआई के संचालकों से हुआ. गगनदीप ने सेना की तैनाती और रणनीतिक स्थानों की गोपनीय जानकारी साझा की, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा थी.

गगनदीप को आईएसआई से पैसे भी मिले थे

पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया, जिसमें आईएसआई के 20 से अधिक संपर्कों का विवरण और साझा की गई खुफिया जानकारी मौजूद थी. डीजीपी ने बताया कि गगनदीप को आईएसआई से पैसे भी मिले थे. इस जासूसी नेटवर्क के अन्य कनेक्शनों का पता लगाने के लिए वित्तीय और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है.

तरनतारन के पीएस सिटी पुलिस स्टेशन में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत गगनदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के पूरे दायरे का खुलासा हो सके.

राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई- पंजाब पुलिस

डीजीपी गौरव यादव ने कहा, "पंजाब पुलिस हमारे देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी."

उनके मुताबिक, इस गिरफ्तारी से पहले भी पंजाब पुलिस ने मई में कई लोगों को आईएसआई से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिससे यह साफ होता है कि राज्य में जासूसी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Police, Spy Gagandeep Singh, Spying For ISI, Spying For Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com