विज्ञापन

क्या पंजाब में लौट रहा 'टारगेट किलिंग' मॉडल? 2026 में पुलिसकर्मियों पर 6 हमले, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. इस साल अब तक पुलिसकर्मियों पर छह हमले हो चुके हैं, जिनमें पांच की मौत हुई है.

क्या पंजाब में लौट रहा 'टारगेट किलिंग' मॉडल? 2026 में पुलिसकर्मियों पर 6 हमले, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पंजाब में बढ़ीं टारगेट किलिंग्स
NDTV
  • पंजाब में 2026 में अब तक छह पुलिसकर्मियों पर हमले हो चुके हैं, जिनमें पांच की मौत हो चुकी है
  • गुरदासपुर के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की हत्या की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली है
  • सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार पाकिस्तान की ISI और उसके प्रॉक्सी संगठन पंजाब में टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे

पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. साल 2026 में अब तक पुलिसकर्मियों पर छह हमले हो चुके हैं, जिनमें पांच की मौत हो चुकी है. ताजा मामला गुरदासपुर के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की हत्या का है, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के संगठन ने लेने का दावा किया है. हालांकि इन दावों की जांच की जा रही है.

ऐसा 1980 के दशक में हुआ करता था. जब पाकिस्तान से फंडेड आतंकी पंजाब में दहशत फैला रहे थे. इसके बाद आतंकियों के निशाने पर जम्मू-कश्मीर आ गया. अब फिर  देखा जा रहा है कि पंजाब में जम्मू-कश्मीर वाला टारगेट किलिंग का पैटर्न अपनाया जा रहा है. इसके पीछे पाकिस्तान की ISI और उसके प्रॉक्सी आतंकी संगठन का हाथ सामने आ रहा है.

जांच एजेंसियों के अनुसार, हर हमले के बाद सोशल मीडिया पर कथित तौर पर TTH के नाम से पोस्ट जारी किए जाते हैं. सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि इसके पीछे पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी नेटवर्क और ISI समर्थित मॉड्यूल की भूमिका हो सकती है. एजेंसियों का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय युवाओं को प्रभावित करने, भर्ती करने और सीमापार से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है.

पंजाब में इस साल डोरांगला में एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या, मजीठा में एएसआई जोगा सिंह की हत्या, अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या, रेलवे पुलिस के एएसआई सुखचैन सिंह पर हमला और अब गुरदासपुर में विनोद कुमार की हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कई मामलों में TTH का नाम सामने आया है.

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह पैटर्न जम्मू-कश्मीर में देखी गई टारगेट किलिंग रणनीति से मिलता-जुलता नजर आता है, जिसमें सुरक्षा बलों या चुनिंदा व्यक्तियों को निशाना बनाया जाता है. 

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह पंजाब को अस्थिर करने की आईएसआई की नई साजिश मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि पाकिस्तान, वहां एक्टिव तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP को भारत से लिंक करने की कोशिश में है. इसीलिए उसने एक मुखौटा संगठन के तौर पर TTH बनाया है, ताकि लगे कि यह भारत के अंदर ही पनपा एक संगठन है. पंजाब पुलिस ने टारगेट किलिंग से जुड़े मामलों में कई लोगों को गिरफ्तार किया है, कुछ मुठभेड़ में मारे भी गए हैं. 

लेकिन ये भी सामने आया है कि टीटीएच सिर्फ़ पंजाब तक सीमित नहीं है. जून 2026 में रांची में आरएसएस कार्यालय पर हमले में भी टीटीएच का नाम सामने आया था. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जून 2026 में दिल्ली एनसीआर और पंजाब में TTH के पोस्टर लगाने वाले 8 लोग गिरफ्तार किए थे. लेकिन पंजाब में टारगेट किलिंग का सिलसिला रुक नहीं रहा है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह पंजाब को अस्थिर करने की आईएसआई की नई साजिश मानी जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Police, Punjab SI Attack, Punjab Terror, Punjab Terror Angle, Punjab Terror Conspiracy Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com