विज्ञापन

48 घंटे की ED रेड के बाद भी कुछ नहीं मिला! अमनदीप कौर बोली- मंत्री पद और राज्यसभा का दिया गया था ऑफर

 AAP नेताओं का दावा है कि 48 घंटे चली छापेमारी में कुछ नहीं मिला, जबकि भाजपा पर दबाव और राजनीतिक लालच देने के आरोप लगाए गए हैं.

48 घंटे की ED रेड के बाद भी कुछ नहीं मिला! अमनदीप कौर बोली- मंत्री पद और राज्यसभा का दिया गया था ऑफर
 AAP नेताओं का दावा है कि ED की 48 घंटे चली छापेमारी में कुछ नहीं मिला.

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. आम आदमी पार्टी ने मोगा से विधायक और पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर हुई ED की छापेमारी को राजनीतिक कार्रवाई बताया है. पार्टी का दावा है कि करीब 48 घंटे तक चली जांच के बाद भी एजेंसी कोई आपत्तिजनक दस्तावेज या नकदी बरामद नहीं कर पाई. चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

'कट्टर ईमानदार' होने का मिला नया सर्टिफिकेट

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि ED ने लंबे समय तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसके हाथ कुछ नहीं लगा. उन्होंने कहा, "48 घंटे की रेड के बाद भी एक रुपया तक बरामद नहीं हुआ. इससे एक बार फिर साबित हुआ है कि आम आदमी पार्टी के नेता ईमानदारी से काम कर रहे हैं."

चीमा ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है. उन्होंने कहा, "ED, CBI, आयकर विभाग और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने और बदनाम करने की कोशिश की जाती है."

AAP विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीमा ने दावा किया कि भाजपा ने पंजाब में AAP के कई विधायकों को अपने पक्ष में करने की कोशिश की. उन्होंने कहा, "हमारे नेताओं को मंत्री पद, राज्यसभा सदस्यता और अन्य महत्वपूर्ण पदों का लालच दिया गया, लेकिन किसी ने भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया." चीमा ने कहा कि पंजाब के AAP नेता अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी भी राजनीतिक दबाव में आने वाले नहीं हैं.

मेरे घर से लेकर रिश्तेदारों के घर तक हुई तलाशी: अमनदीप

मोगा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि ED की टीम ने उनके घर, कार्यालय, अस्पताल और परिवार के कई सदस्यों के घरों में तलाशी ली. उन्होंने कहा, "करीब 42 से 48 घंटे तक लगातार पूछताछ और जांच चली, लेकिन एजेंसी को कोई दस्तावेज या पैसा नहीं मिला." अरोड़ा ने बताया कि जांच के दौरान उनसे परिवार की संपत्तियों, बच्चों की शैक्षणिक जानकारी, अस्पताल के रिकॉर्ड और अन्य कई मामलों से जुड़े सवाल पूछे गए.

'मुझे भी पदों का ऑफर मिला था'

डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने दावा किया कि उन्हें भी राजनीतिक पदों का प्रस्ताव दिया गया था. उन्होंने कहा, "मुझे मंत्री पद समेत कई ऑफर दिए गए, लेकिन मैंने उन्हें ठुकरा दिया. मैं राजनीति में लोगों की सेवा के लिए आई हूं, न कि पद हासिल करने के लिए." उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह का दबाव, धमकी या लालच उन्हें अपने राजनीतिक सिद्धांतों से हटाने में सफल नहीं होगा.

महिला नेताओं को डराया नहीं जा सकता

डॉ. अरोड़ा ने भाजपा पर महिला नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, "मैं जब तक जिंदा हूं, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहूंगी. कोई भी एजेंसी या राजनीतिक दबाव हमें कमजोर नहीं कर सकता."

उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा में AAP की 11 महिला विधायक हैं, जो राज्य के इतिहास में महिलाओं का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व है. उनके मुताबिक पार्टी महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व की भूमिका देने के लिए लगातार काम कर रही है. AAP नेताओं ने साफ कहा कि छापेमारी, राजनीतिक दबाव और कथित लालच के बावजूद पार्टी पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े अपने एजेंडे पर काम जारी रखेगी.

यह भी पढ़ें | 'कुछ नहीं मिला, खाली हाथ लौटी टीम'... पंजाब में 36 घंटे की ED रेड के बाद बोलीं AAP विधायक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AAP Punjab, Harpal Singh Cheema, Amandeep Kaur Arora
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com