आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले 10-15 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर देशवासियों को धीमा जहर दे रही है. 10-15 दिनों में पेट्रोल-डीजल 4-5 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है. देश भर में तेल-गैस के बढ़ते दामों और किल्लत की वजह से दिक्कत हो रही है, लेकिन सरकार देशवासियों को कुछ बताने के लिए तैयार ही नहीं है. उन्होंने कहा कि रूस और ईरान, भारत को सत्ता तेल-गैस देने को तैयार हैं, लेकिन सरकार लेने को तैयार नहीं है. उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि ईरान और रूस से सस्ता भारत को तेल-गैस खरीदना चाहिए या नहीं, कमेंट या डायरेक्ट मैसेज करके मुझे बताएं.
शनिवार को अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक वीडिया साझा कर कहा कि आज फिर से भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं. पिछले 10-15 दिनों में तीसरी बार कीमतें बढ़ाई हैं. अंग्रेजी में एक कहावत है- ‘स्लो पॉइजन' दे रहे हैं. धीमा-धीमा जहर दे रहे हैं. पिछले 10-15 दिन में पेट्रोल और डीजल के दाम लगभग 4 से 5 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं. गैस सिलेंडर के दाम भी बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं.
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि देश में न सिर्फ दाम बढ़ रहे हैं, बल्कि देश भर में पेट्रोल, गैस और डीजल की किल्लत हो गई है. गुजरात से तस्वीरें आ रही हैं कि किस तरह से पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टरों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है, डीजल नहीं मिल रहा है. किस तरह से जगह-जगह लोगों के बीच हाथापाई मची हुई है. यूपी के गोरखपुर में लोग रात को सड़क पर सो रहे हैं. अपना गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लाइनें लगा-लगाकर, मच्छरदानी लगाकर सड़क पर रात-रात भर सो रहे हैं. महाराष्ट्र के अकोला और बुलढाणा में पेट्रोल और डीजल लेने के लिए हाहाकार मचा हुआ है. देश के लोग जानना चाहते हैं कि सरकार बताए तो सही कि आने वाले दिनों के अंदर क्या होने वाला है, स्थिति कितनी खराब होने वाली है? लेकिन सरकार लोगों को कुछ बता ही नहीं रही है.
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार का बड़ा ऐलान: NEET छात्रों के लिए बस यात्रा मुफ्त, केजरीवाल बोले- अब मन लगाकर तैयारी करो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं