- गाजियाबाद के श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर बनाया जा रहा है
- हिंडन विहार में 8000 वर्ग मीटर जमीन पर दो मंजिला शॉपिंग आर्केड 18 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है
- शॉपिंग आर्केड में कुल 128 दुकानें और 9 गोदाम बनाए जाएंगे साथ ही पार्किंग और शौचालय जैसी सुविधाएं भी होंगी
गाजियाबाद के श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर को भव्य कॉरिडोर में विकसित किया जा रहा है. करीब ढ़ाई किलो मीटर के इलाके में काशी विश्वनाथ मंदिर जैसा गलियारा बनाया जा रहा है. मंदिर परिसर के आसपास की पुरानी दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए हिंडन विहार में 8000 वर्ग मीटर जमीन पर 18 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला शॉपिंग आर्केड बनाया जा रहा है. इसका शिलान्यास हो चुका है. इसका काम एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में काशी विश्वनाथ जैसा भव्य कॉरिडोर बनाना सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट है.
इस कॉरिडोर को तीन चरणों में बनाया जाएगा. पहले चरण में दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना शामिल है.फिर डीपीआर होगा, इसके बाद भव्य कॉरिडोर बनेगा. मंदिर कॉरिडोर बनाने के लिए हटाई गई दुकानों को यहां शिफ्ट किया जाएगा. दो मंजिला शॉपिंग आर्केड में कुल 128 दुकानें और 9 गोदाम बनाए जाएंगे. साथ ही पार्किंग और शौचालय जैसी सुविधाएं भी होंगी, ताकि दुकानदारों को कोई परेशानी न हो.
दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण
दरअसल मंदिर के आसपास पुरानी लोहा मंडी है. लोहे की दुकानों की वजह से मंदिर जाने वाला रास्ता बहुत ही तंग है. इन दुकानें हिंडन विहार के परिसर में शिफ्ट किया जाएगा,ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर और इसके आसपास की जगह को चौड़ा किया जा सके और इसका सौंदर्यीकरण किया जा सके. दूधेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ और महाकालेश्वर कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जाने की योजना है.
दुकानें हिंडन विहार में होंगी शिफ्ट
आस पास लोहे की दुकानों की वजह से मंदिर तक पहुंचने का रास्ता बहुत ही तंग है. जिस वजह से लोगों को वहां जसे गुजरने में परेशानी होती थी. इसी सुविधा को आसान बनाने के लिए अतिक्रमण हटाकर दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि व्यापारियों को नया मार्केट मिल जाए और मंदिर के आसपास बढ़िया और चौड़ा रास्ता. बता दें कि मंदिर से हिंडन विहार की दूरी करीब 2.7 किलो मीटर की है.
शॉपिंग आर्केड से बदलेगी हिंडन विहार क्षेत्र की तस्वीर
शॉपिंग परिसर बनने से हिंडन विहार क्षेत्र की तस्वीर एदम बदल जाएगी. आसपास की सड़कें बनाई जाएंगी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के साथ ही लाइटिंग भी की जाएगी, ताकि व्यापारियों और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले.
ये भी पढ़ें-बेट द्वारका कॉरिडोर: काशी विश्वनाथ-महाकाल जैसे चमकेगी कृष्ण नगरी द्वारका, गुजरात सरकार का मेगा प्रोजेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं