आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के पूरे नेतृत्व के साथ मोगा में आयोजित होने वाली मेगा रैली में शामिल होंगे. यह रैली 26 नवंब को होनी है. इस संबंध में गुरुवार को घोषणा की गई. पार्टी के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह 'शेरी' कलसी ने बताया कि यह रैली पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरे पंजाब से पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों सहित एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
कलसी ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि 26 नवंबर की यह रैली विपक्षी दलों को एक कड़ा राजनीतिक संदेश देगी और यह दिखाएगी कि पंजाब में पांच वर्षों के समर्पित काम के जरिए आप सरकार को कितना जनसमर्थन मिला है. इसमें राज्य के हर कोने से लोग बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे. इस आयोजन का पैमाना न केवल पंजाब में, बल्कि पूरे देश में एक सशक्त संदेश भेजेगा. उन्होंने आगे कहा कि लोग एक बार फिर आप सरकार के कार्यों पर अपना भरोसा जताएंगे.
इस बीच, 'आप' के राज्य महासचिव बलतेज पन्नू ने बताया कि लगभग 116 एकड़ जमीन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, और जरूरत पड़ने पर आयोजन स्थल के दायरे को और बढ़ाया जा सकता है.उन्होंने कहा कि इसमें पार्टी के एक लाख से अधिक समर्थकों, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. पूरी रैली स्थल को कवर (ढका) जाएगा और वहां शौचालय, भोजन और पीने के पानी जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसी को भी कोई परेशानी न हो.
बलतेज ने महिलाओं और बुजुर्गों के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में बात करते हुए कहा कि पिछली रैलियों में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को जो मुश्किलें आई थीं, उन्हें ध्यान में रखते हुए हमने लोगों को तय ड्रॉप-ऑफ पॉइंट्स और पार्किंग एरिया से रैली स्थल तक लाने के लिए बसों और ई-रिक्शों का इंतजाम किया है. इन सुविधाओं से यह सुनिश्चित होगा कि महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य लोग बिना ज्यादा पैदल चले आराम से पंडाल तक पहुंच सकें.
यह भी पढ़ें: करतारपुर साहिब जाएंगे CM भगवंत मान? पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारे के दर्शन के लिए केंद्र से मांगी मंजूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं