विज्ञापन

ग्लासगो में टीम इंडिया की हुंकार- उम्मीद से बढ़कर जीते 39 पदक, कलाकारों ने 100वें साल की झलक दिखाकर जीता दिल! 

India Medal in Commonwealth Games 2026: ग्लासगो में पदकों की शुरुआत बिहार के झंडू कुमार ने पावरलिफ़्टिंग के ब्रॉन्ज़ के साथ की. फिर मीराबाई चानू ने वेटलिफ़्टिंग में गोल्ड की हैट्रिक लगा दी.

ग्लासगो में टीम इंडिया की हुंकार- उम्मीद से बढ़कर जीते 39 पदक, कलाकारों ने 100वें साल की झलक दिखाकर जीता दिल! 
India Medal in Commonwealth Games 2026:

India Medal in Commonwealth Games 2026: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स भारत के लिए उम्मीद से बढ़कर साबित हुए. 11 दिनों तक चले 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीट हर रोज़ सुर्ख़ियां बटोरते रहे. भारतीय एथलीटों ने सिर्फ़ 6 गेम्स में 13 स्वर्ण के साथ 39 पदक जीतकर सबको अपना लोहा मनवा दिया. खिलाड़ियों ने दमदार आगाज़ किया तो कलाकारों ने समापन समारोह में अलग ही समां बांध दिया. खिलाड़ियों और कलाकारों ने ये अहसास भी दिला दिया 100 साल पूरे होने पर अहमदाबाद में 2030 में दुनिया, भारत में किस स्तर का खेल और मेज़बानी देखेगी. 

नीरज चोपड़ा ने पीटी उषा को दिया ध्वज

कॉमनवेल्थ गेम्स का ध्वज सुपरस्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के हाथ आते ही खेलप्रेमियों की धड़कनें तेज़ हो गईं. नीरज चोपड़ा ने ये ध्वज पीटी उषा को और उषा ने गुजरात के उप-मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को सौंपा और अहमदाबाद ने 100वें साल में 24वें कॉमनवेल्थ गेम्स की मेज़बानी की ज़िम्मेदारी की अपने सर ले ली. 

रंग, धमाका, सुर और संस्कृति से सराबोर समारोह

सिर्फ़ 20 मिनट के आतिशबाज़ी और रंगों से भरपूर कार्यक्रम में भारतीय कलाकार शंकर महादेवन और उनकी टीम, मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर, सितारवादक ऋषभ रिक्खिराम- स्कॉटिश बैगपाइपर रॉस एंसली (Ross Ainslie) ने अपने प्रदर्शन से दुनिया भर को वसुधैव कुटुंबकम का संदेश बड़े ही निराले अंदाज़ में दे दिया. 

13 गोल्ड, 39 पदक के साथ भारत चौथे नंबर पर

ग्लासगो में पदकों की शुरुआत बिहार के झंडू कुमार ने पावरलिफ़्टिंग के ब्रॉन्ज़ के साथ की. फिर मीराबाई चानू ने वेटलिफ़्टिंग में गोल्ड की हैट्रिक लगा दी. वेटलिफ़्टर्स ने एक गोल्ड और 6 सिल्वर समेत 8 पदक जीते. एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा-यशवीर ने सिल्वर-ब्रॉन्ज़ पर कब्ज़ा किया. तो मिडिल और लॉन्ग डिस्टेंस रनर गुलवीर ने अकेले सिल्वर-ब्रॉन्ज़ जीतकर सबको अपना लोहा मनवाया. 

तेजस्विन शंकर ने घुटनों की चोट के बावजूद इस बार डेकाथलन में पदक जीतकर इतिहास कायम किया. घुटनों में चोट के बावजूद तेजस्विन ने करीब 8000 (7976) अंकों के साथ इन गेम्स में भारत के लिए पहली बार कोई पदक जीता. एथलेटिक्स के जांबाज़ों के साथ पैरा एथलीटों की कहानियां दिल छू लेने वाली साबित हुईं. एथलेटिक्स में कुल मिलाकर 3 गोल्ड समेत 16 पदक आए. 

पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ के संघर्ष से कामयाबी की कहानी, सोमन राणा-शुभम जुयाल के साहस से भरपूर प्रेरणा भरा सफ़र और दिलीप गावित-मो. बासिल की जोड़ी ने पोडियम पर जगह बनाते हुए इन खेलों को यादगार बना दिया. भारतीय जूडोका अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने पहली बार भारत को जूडो में गोल्ड दिलवाकर इतिहास रच दिया और इन सबसे अलग, भारतीय बॉक्सर्स तो कमाल के साबित हुए. भारतीय बॉक्सर्स ने 96 साल के इन खेलों के इतिहास 7 गोल्ड और 3 सिल्वर जीतकर वो कर दिखाया जो 9 दशक में किसी देश की टीम नहीं कर पाई थी. 

13 गोल्ड समेत 39 पदक जीतकर टीम इंडिया चौथे स्थान पर रही और ये संकेत दे दिया कि अगले कॉमनवेल्थ खेलों में अहमदाबाद में उम्मीद से बढ़कर धमाका होगा और भारतीय एथलीट पदकों की ढेर लगा देंगे.

महिला और पुरुष खिलाड़ियों का प्रदर्शन
वर्गगोल्डसिल्वरब्रॉन्ज़कुल
महिला84416
पुरुष513523

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports, Commonwealth Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com