प्रिया घंघास (Priya Ghanghas) ने कमाल कर दिया है. उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (Commonwealth Games 2026) में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. महिला मुक्केबाजी की 60 किलोग्राम भार वर्ग का फाइनल मुकाबला आज (एक अगस्त 2026) प्रिया घंघास और कनाडा की महिला बॉक्सर मैरी अल-अहमदियेह के बीच खेला गया. जहां प्रिया शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल अपने नाम करने में कामयाब रहीं. मैच के दौरान पहला राउंड मैरी अल-अहमदियेह ने अपने नाम किया था. वह 3-2 से बाजी मारने में कामयाब हुई थीं. मगर इसके बाद जब प्रिया ने लय पकड़ी तब उन्होंने जीत हासिल करके ही दम लिया. उन्होंने दूसरा और तीसरा राउंड क्रमशः 4-1 के फैसले से अपने नाम किया.
कौन हैं प्रिया घंघास?
प्रिया घंघास हरियाणा के भिवानी जिले में स्थित धनाना गांव से आती हैं. उनके पिता का नाम महेंद्र घंघास है, जो एक बिजनेसमैन हैं. वहीं मां हाउस वाइफ हैं. माता-पिता के अलावा घर में उनके एक भाई और बहन भी हैं. भाई का नाम नीरज है. नीरज भी मुक्केबाजी में नाम कमाना चाहते हैं. प्रिया के शानदार खेल को देखते हुए लोग उन्हें 'गोल्डन गर्ल' और 'मिनी क्यूबा भिवानी' की नई बेटी भी कहते हैं.
60 किलो ग्राम भार वर्ग में शिरकत करती हैं प्रिया घंघास
प्रिया घंघास 60 किलो ग्राम भार वर्ग में शिरकत करती हैं. उन्होंने 2016 में अपने बॉक्सिंग करियर का आगाज किया था. तब से अब तक वह रिंग में बनी हुई हैं.
आपको जानकर हैरानी होगी कि प्रिया को बॉक्सिंग से ज्यादा कुश्ती पसंद थी. मगर 2008 में विजेंद्र सिंह का खेल देखकर उन्होंने बॉक्सिंग में अपना करियर बनाने के बारे में विचार किया.
मौजूदा समय में वह इसी खेल में अपने देश का झंडा बुलंद कर रही हैं. उनकी उम्र महज 20 साल है. उम्मीद है आने वाले सालों में भी वह विश्व पटल पर देश का नाम रोशन करेंगी.
यह भी पढ़ें- CWG 2026: साक्षी चौधरी का बड़ा धमाका, इंग्लैंड की बॉक्सर को 5-0 से हराकर जीता गोल्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं