Neeraj Chopra's Instagram post Viral: ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल नहीं जीत पाए, उन्हें सिल्वर से संतुष्ट होना पड़ा था. ऐसे में अब नीरज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दिल की बात लिखी है. नीरज ने सिल्वर जीतने पर उन सभी लागों को शुक्रिया किया है जिन्होंने उनकी फिटनेस में सुधार के लिए उनके साथ मेहनत की, नीरज का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है.
नीरज ने लिखा, "कुछ थ्रो बहुत दूर तक जाते हैं, और कुछ पल ऐसे होते हैं जो पूरे सफर की अहमियत को बयां करते हैं. यह पल उस दूरी से कहीं ज्यादा मायने रखता है. पिछले 10 महीनों ने मेरी ऐसी परीक्षा ली जिसकी मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी, कई चोटों से उबरना, अपने शरीर को फिर से तैयार करना, अपनी लय वापस पाना और तब भी सब्र रखना सीखना जब मैं बस मुकाबला करना चाहता था.मैं हर दिन ट्रेनिंग कर रहा था, जबकि मुझे पता भी नहीं था कि इस साल मुझे मुकाबला करने का मौका मिलेगा या नहीं.इस लेवल पर वापस आकर मुकाबला करना बहुत अच्छा लग रहा है".
नीरज ने आगे लिखा, "यह सब अकेले मुमकिन नहीं हो पाता, मैं उन लोगों का बहुत आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर हमेशा भरोसा बनाए रखा. मेरे फिजियो, ईशान जी, जो ठीक होने के हर कदम पर मेरे साथ रहे और मुझे उस काम में वापस लौटने में मदद की जिसे मैं बहुत पसंद करता हूं. मेरे कोच, जय, जो तब से मेरे साथ हैं जब मैंने पहली बार जैवलिन उठाया था. मेरा परिवार, जो हालात चाहे जैसे भी हों, हमेशा मजबूती से मेरे साथ खड़ा रहा है. आप सभी के सपोर्ट और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद.. सीजन जारी है, एक-एक कदम आगे बढ़ते हुए."
अब डायमंड लीग में दिखेंगे नीरज चोपड़ा
21 अगस्त को होने वाले लॉजेन डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के अलावा दुनिया के दिग्गज जैवलिन थ्रोअर हिस्सा लेंगे. इस एथलीटों में ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब जीतने वाले एथलीट शामिल हैं. लॉजेन डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के अलावा, मौजूदा ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम, हाल ही में कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीतने वाले श्रीलंका के पथिराज, त्रिनिदाद और टोबैगो के वॉलकॉट और ग्रेनाडा के पीटर्स शामिल होंगे.
लॉजेन में दर्शकों को थ्रो करने के अलग-अलग तरीके और अलग-अलग अंदाज देखने को मिलेंगे. टूर्नामेंट काफी मुश्किल और रोमांचक है. दिग्गज जैवलिन थ्रोअरों के बीच ग्रेनाडा के पीटर्स का 90.61 मीटर का मीटिंग रिकॉर्ड खतरे में पड़ सकता है.
स्विट्जरलैंड के साइमन वीलैंड, जो लगातार शानदार प्रोग्रेस कर रहे हैं, के साथ-साथ पिछले दो यूरोपियन चैंपियन - टोक्यो ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट चेकिया के जैकब वाडलेच और जर्मनी के जूलियन वेबर - के भी शामिल होने की पुष्टि हो गई है. दुनिया के नंबर दो अमेरिकी खिलाड़ी कर्टिस थॉम्पसन भी जीत के दावेदार होंगे. डायमंड लीग स्टैंडिंग में, 2022 के चैंपियन नीरज अभी पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं, जबकि पथिराज और पीटर्स 23-23 अंकों के साथ पहले ही फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें- बुमराह के चोटिल होने के बाद भी श्रीलंका दौरे पर नहीं चुने जाने पर मोहम्मद शमी ने तोड़ी चुप्पी
ये भी पढ़ें- क्या खत्म हुआ मोहम्मद शमी की टीम में वापसी का इंतजार? बुमराह के रिप्लेसमेंट से समझिए अजीत अगरकर का बड़ा संकेत
ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे पर फेल हुए तो बढ़ेंगी मुश्किलें? कोच गौतम गंभीर के लिए बजी खतरे की घंटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं