- भारतीय मौसम विभाग ने 4 सितंबर को यूपी, एमपी, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
- उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश होने से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं.
- वहीं दिल्ली-NCR में भी आज बारिश की संभावना है. जिससे यहां उमस भरी गर्मी कम हो सकती है.
मॉनसून की सक्रियता फिलहाल उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में सबसे ज्यादा दिख रही है. यहां झमाझम बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 4 सितंबर को भी देश के 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली-NCR में उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक शुक्रवार को यहां भी मौसम बदल सकता है. यहां बारिश की संभावना बन रही है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर लैंडस्लाइड की संभावना जताई गई है. ऐसे में मौसम विभाग ने यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से बारिश का दौर उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के राज्यों में जारी है. आने वाले 2 से 4 दिनों तक यहां अच्छी बारिश की संभावना बन रही है.
यूपी-बिहार समेत 16 राज्यों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक शुक्रवार को 16 राज्यों में बारिश की संभावना बन रही है. जहां यूपी, एमपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर समेत आस-पास के कुछ राज्यों में अच्छी बरसात हो सकती है. यूपी और एमपी के कुछ जिलों में सुबह से ही बारिश हो रही है. यहां के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
यूपी के 23 जिलों में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है. बनारस, प्रयागराज, पीलीभीत समेत 23 जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. कई जिलों में ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. आलम यह है कि भारी बारिश की वजह से वन्यजीव जंगलों से बाहर निकल रहे हैं. बिजनौर जिले में भी झमाझम बारिश के बाद गंगा नदी का का पानी हाईवे के ऊपर से निकल रहा है. यूपी के कोन गांव में एक बाघ जंगल से निकलकर ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी यूपी के प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, बांदा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर जिलों में बारिश की संभावना है.
दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश
दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है. पिछले एक हफ्ते से दिल्ली में बारिश नहीं हुई है, जिसके चलते यहां गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है. हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-NCR में भी अगले कुछ दिनों में अगले एक से दो दिनों में मौसम में बदलाव आ सकता है, जिसके बाद यहां हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो सकता है. 5 से 8 सितंबर के बीच दिल्ली में बारिश की संभावना बन रही है. अगर बारिश होती है तो लोगों को गर्मी से भी राहत मिल सकती है. क्योंकि मॉनसून सीजन अब आखिरी दौर में है, लेकिन दिल्ली में इस बार उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है.
मध्य प्रदेश में भी भारी बरसात
मध्य प्रदेश में भी भारी बरसात का दौर जारी है. एमपी के कई जिलों में पिछले कुछ घंटों से लगातार हो रही बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं. मॉनसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम यहां अच्छी बरसात कर रहा है. एमपी के 13 जिलों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. सतना, सीधी, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ जिलों में बीते कुछ घंटों में अच्छी बरसात हुई है. जिसके चलते यहां कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखी जा रही है.
उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश में भी अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 4 सितंबर को भी दोनों राज्यों में अच्छी बरसात की संभावना जताई है. हिमाचल प्रदेश के धर्मपुर में भारी बारिश के बाद पानी दुकानों के ऊपर से बह रहा है. वहीं हिमाचल के कुछ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर लैंडस्लाइड होने से यातायात भी प्रभावित हुआ है. शुक्रवार को मौसम विभाग ने सोलन, बिलासपुर, शिमला, कुल्लू, बिलासपुर, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश की संभावना है. वहीं उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उत्तरकाशी और बागेश्वर में बरसात की संभावना बन रही है.
अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश
भारतीय मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों तक कई राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना बन रही है. बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से झमाझम बारिश का दौर जारी है. जिससे मॉनसून का कोटा भी पूरा हो रहा है. फिलहाल आने वाले 2 से 3 दिन अहम रहेंगे.
ये भी पढ़ेंः त्रिशूली में अपनों की तलाश, नेपाल में उफनती नदी में लाशें ढूंढ रहीं नावें, NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं