विज्ञापन

IND vs PAK Hockey Highlights: पाकिस्तान बाहर! हरमनप्रीत-अभिषेक के डबल धमाके से भारत दूसरे राउंड में

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 5-3 की रोमांचक और ज्यादा गोल वाली जीत के साथ वर्ल्ड कप के अगले दौर में जगह बना ली है. हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने दो-दो गोल किए, जबकि हार्दिक सिंह के पेनल्टी स्ट्रोक ने भारत को बढ़त दिलाई, क्योंकि मैच के आखिर में पाकिस्तान ने ज़ोरदार कोशिश की थी.

IND vs PAK Hockey Highlights: पाकिस्तान बाहर! हरमनप्रीत-अभिषेक के डबल धमाके से भारत दूसरे राउंड में
Hockey India
IANS

भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में जगह बना ली है. एम्स्टेलवीन में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने दो-दो गोल किए, जबकि हार्दिक सिंह ने एक गोल दागा. पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने दो और सूफयान खान ने एक गोल किया. इस हार के साथ पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सफर खत्म हो गया.

भारत ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की और गेंद पर कंट्रोल बनाया. मैच के चौथे मिनट में ही भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका भरपूर फायदा उठाते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया. 1-0 की बढ़त को भारत ने जल्द ही दोगुना कर दिया. मैच के 11वें मिनट में अभिषेक से मिले शानदार पास को मंदीप सिंह ने गोल में तब्दील किया. पहले क्वार्टर में 2-0 की बढ़त के साथ भारतीय टीम का पूरी तरह से दबदबा रहा.

20वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में किया तब्दील

दूसरे क्वार्टर का आगाज भी भारतीय टीम ने शानदार तरीके से किया. मैच के 20वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए कप्तान हरमनप्रीत ने भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया. हालांकि, इसके बाद पाकिस्तान ने मैच में कुछ हद तक वापसी करने की कोशिश की. मैच के 21वें मिनट में पाकिस्तान की तरफ से हन्नान शाहिद ने पहला गोल दागा.

34वें मिनट मे भारत ने अपनी बढ़त को 5-2 किया

इसके ठीक दो मिनट बाद ही अभिषेक ने एक और शानदार गोल दागा और भारत की बढ़त को 4-1 कर दिया. मैच के 24वें मिनट में सुफियान खान ने पाकिस्तान की ओर से दूसरा गोल किया और स्कोर को 4-2 कर दिया. तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत के सुखजीत सिंह को ग्रीन कार्ड मिला. मैच के 34वें मिनट मे भारत ने अपनी बढ़त को 5-2 कर दिया. भारत के लिए पांचवां गोल हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर दागा. चौथे और अंतिम क्वार्टर की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी रही. मैच के 45वें मिनट में पाकिस्तान के हन्नान शाहिद ने गोल करते हुए स्कोर को 5-3 कर दिया.

पाकिस्तान का विश्व कप में सफर समाप्त

इसके बाद भारत और पाकिस्तान की तरफ से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लगी. हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को गोल करने का कोई और मौका नहीं दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले राउंड में अपनी जगह बना ली है. वहीं, हार के साथ पाकिस्तान का विश्व कप में सफर समाप्त हो गया है.

मैच में कब-कब हुए गोल

  • 5वां मिनट: हरमनप्रीत सिंह - पेनल्टी कॉर्नर, भारत 1-0
  • 11वां मिनट: अभिषेक - फील्ड गोल, भारत 2-0
  • 21वां मिनट: हरमनप्रीत सिंह - पेनल्टी कॉर्नर, भारत 3-0
  • 22वां मिनट: हन्नान शाहिद - फील्ड गोल, पाकिस्तान 1-3
  • 24वां मिनट: अभिषेक - फील्ड गोल, भारत 4-1
  • 24वां मिनट: सूफयान खान - पेनल्टी कॉर्नर, पाकिस्तान 2-4
  • 34वां मिनट: हार्दिक सिंह - पेनल्टी स्ट्रोक, भारत 5-2
  • 46वां मिनट: हन्नान शाहिद - फील्ड गोल, पाकिस्तान 3-5
  • फाइनल स्कोर: भारत 5-3 पाकिस्तान.

ये भी पढ़ें-  43 दिन, 3 टीमें और कई बड़े मुकाबले, पाकिस्तान ने जारी किया इंग्लैंड-श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com