विज्ञापन

Hockey World Cup 2026: 16 साल बाद भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, वर्ल्ड कप में ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

हॉकी वर्ल्ड कप के अगले राउंड में पहुंचने के लिए भारत को अपने अगले पूर मैच में पाकिस्तान को हर हाल में हराना होगा.

Hockey World Cup 2026: 16 साल बाद भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, वर्ल्ड कप में ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
Hockey World Cup 2026 India vs Pakistan head to Head Record

पिछले एक दशक से पाकिस्तान से नहीं हारी भारतीय टीम को एफआईएच विश्व कप के दूसरे दौर में प्रवेश के लिए अपने डिफेंस को दुरूस्त करते हुए बुधवार को होने वाले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी को हराना होगा या कम से कम ड्रॉ खेलना होगा. भारत-पाकिस्तान वर्ल्ड कप में आखिरी बार 16 साल पहले दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर भिड़े थे, जब राजपाल सिंह की कप्तानी वाली मेजबान टीम ने 4 -1 से जीत दर्ज की थी.

पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराने के बाद दुनिया की तीसरे नंबर की टीम इंग्लैंड के खिलाफ भारत को डिफेंस की गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा. पहले हाफ में बढत बनाने के बावजूद आखिरी दो क्वार्टर में लचर डिफेंस के कारण भारत को 2-4 से पराजय झेलनी पड़ी.

अब पूल डी में इंग्लैंड दोनों मैच लेकर शीर्ष पर रहकर दूसरे दौर में पहुंच चुका है. वहीं भारत के एक जीत और एक हार के बाद तीन अंक है जबकि इंग्लैंड से 1-4 से हारने और वेल्स से 3-3 से ड्रॉ के बाद पाकिस्तान एक अंक लेकर तीसरे और वेल्स एक हार, एक ड्रॉ के साथ एक अंक लेकर चौथे स्थान पर है. 

पाकिस्तान अगर हारता है तो बाहर हो जाएगा जबकि वेल्स को अगले दौर में जाने के लिए इंग्लैंड को काफी बड़े अंतर से हराना होगा क्योंकि भारत का गोल औसत उससे बेहतर है. अगर भारत दूसरे दौर में जाता है तो इस पूल से उसके कोई अंक आगे नहीं जाएगे जबकि भारत को हराने के कारण इंग्लैंड तीन अंक लेकर जाएगा.

आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारत और चार बार की विश्व कप विजेता पाकिस्तान के बीच भले ही मैदानी प्रतिद्वंद्विता का गौरवशाली इतिहास रहा हो लेकिन एशियाई दिग्गजों के बीच पिछले लगभग सभी मुकाबले बेमेल रहने से वह रोमांच खत्म हो गया है. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत का पलड़ा भारी लग रहा है. 

पाकिस्तान के खिलाफ मैच सिर्फ कौशल का नहीं होता, खिलाड़ियों को जज्बात पर काबू रखकर भी खेलना होगा. भारतीय टीम ने हालांकि विश्व कप से ठीक पहले लंदन में प्रो लीग के यूरोप चरण में पाकिस्तान पर 7-1 और 4-3 से जीत दर्ज की थी. पाकिस्तानी टीम ने आखिरी बाद भारत को 2016 चैम्पियंस ट्रॉफी में हराया था.

उसके बाद से भारत और पाकिस्तान के प्रदर्शन ग्राफ में जमीन आसमान का अंतर आ गया है. भारतीय टीम लगातार दो ओलंपिक पदक जीत चुकी है जबकि विश्व कप की सबसे सफल टीम रही चार बार की चैम्पियन पाकिस्तान टूर्नामेंट में आठ साल बाद लौटी है. 

बात अगर भारत-पाकिस्तान के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की करें तो दोनों देश मेलबर्न 1956 ओलंपिक फ़ाइनल में पहली बार आमने-सामने होने के बाद से 183 बार भिड़ चुके हैं. हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में पाकिस्तान अभी 82 जीत के साथ आगे है, जबकि भारत ने 69 बार जीत हासिल की है. बाकी 32 मैच ड्रॉ रहे हैं. बात अगर वर्ल्ड कप की करें तो दोनों देश 5 बार भिड़े हैं. इस दौरान टीम इंडिया 3 बार जीती है जबकि दो बार पाकिस्तान ने बाजी मारी है.

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने लगाया छक्कों का शतक, 94 साल के टेस्ट इतिहास में कारनामा करने वाले पहले भारतीय

यह भी पढ़ें: IND vs SL: कप्तान शुभमन गिल से मिला 'गुरूमंत्र', अगली ही गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने चटकाया विकेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Mens Hockey, Pakistan Mens Hockey, Hockey, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com