विज्ञापन

Hockey World Cup 2026: कप्तान हरमनप्रीत ने बताया वेल्स के खिलाफ क्या होगा टीम का प्लान?

भारतीय टीम आज हॉकी वर्ल्ड कप में वेल्स के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी. टीम इंडिया की नजरें 1975 के बाद पहली बार खिताब जीतने पर है.

Hockey World Cup 2026: कप्तान हरमनप्रीत ने बताया वेल्स के खिलाफ क्या होगा टीम का प्लान?
Harmanpreet Singh Said focus Against Wales will be on concentration consistency

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा कि उनकी टीम शनिवार को एफआईएच हॉकी विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में वेल्स को हल्के में नहीं लेगी जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पूरे मैच के चारों क्वार्टर में लगातार अच्छा प्रदर्शन बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया. इस मुकाबले में हालांकि भारत को प्रबल दावेदार माना जा रहा है लेकिन फुल्टोन ने खिलाड़ियों से प्रतिद्वंद्वी टीम का सम्मान करने और अपनी रणनीति पर पूरा ध्यान केंद्रित रखने की बात कही.

फुल्टोन ने मैच से पहले भाषा से कहा,"वेल्स की टीम छुपीरूस्तम है, विश्व कप में कभी कभार ऐसे ही नतीजे देखने को मिलते हैं. आपको अपनी वरीयता के अनुरूप खेलना होता है और आपसे नीचे की हर टीम के खिलाफ पूरी एकाग्रता और पूरा प्रयास करना जरूरी है. हम किसी को भी हल्के में नहीं ले रहे हैं."

उन्होंने कहा,"हमें उनसे कड़ी टक्कर की उम्मीद है. साथ ही हमें अपनी रणनीति पर शत प्रतिशत फोकस रखना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि चारों क्वार्टर में हमारा एक समान फोकस रहे."

विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में पहले मैच की अहमियत को रेखांकित करते हुए फुल्टोन ने कहा कि भारत का लक्ष्य शानदार शुरुआत करना और पूरे तीन अंक हासिल करना है. उन्होंने कहा,"विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में पहला मैच बेहद अहम होता है। हमारा प्रयास रहेगा कि हम शुरुआत से ही आक्रामक खेलें और पूरे तीन अंक हासिल करें."

भारत का पहला मुकाबला स्वतंत्रता दिवस के दिन हो रहा है जिससे यह टीम के लिए और भी खास मौका बन गया है. फुल्टोन ने कहा,"यह राष्ट्रीय गौरव का पल है. हम स्वतंत्रता दिवस पर देश को गौरवान्वित करना चाहते हैं और टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं. इसे हम एक शुभ संकेत मानते हैं."

कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि टीम ने विरोधी टीम का गहराई से विश्लेषण किया है और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी. उन्होंने कहा,"हमने इस टूर्नामेंट के लिए बहुत मेहनत की है और सभी टीम का गहराई से आकलन किया है. वेल्स के खिलाफ हम काफी समय बाद खेल रहे हैं, लेकिन उनकी खेलने की शैली अब भी वैसी ही है. मैच से पहले हमारा अभ्यास सत्र शानदार रहा और टीम का माहौल काफी सकारात्मक है."

हरमनप्रीत ने भी अपने कोच की तरह खिलाड़ियों को आत्ममुग्धता से बचने की सलाह देते हुए कहा कि पूल चरण का हर मुकाबला भारत के आगे बढ़ने के लिए बेहद अहम होगा. उन्होंने कहा,"हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते. अच्छी शुरुआत पूरे टूर्नामेंट की दिशा तय करती है. हमारे लिए पूल के तीनों मुकाबले महत्वपूर्ण हैं क्योंकि यही आगे की राह आसान बनाएंगे."

पाकिस्तान के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले के बारे में पूछने पर हरमनप्रीत ने कहा कि टीम की रणनीति एक समय में सिर्फ एक मैच पर ध्यान देने की है. उन्होंने कहा,"हम एक बार में एक मैच पर ध्यान देंगे और हर मुकाबले में अपना शत प्रतिशत देंगे."

भारतीय कप्तान ने यह भी कहा कि 2024 पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद टीम ने अपने खेल में काफी सुधार किया है, विशेषकर रक्षा पंक्ति और निर्णय लेने की क्षमता में.उन्होंने कहा,"पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद हमने काफी प्रगति की है. हमारी रक्षा पंक्ति मजबूत हुई है और अब हम अधिक समझदारी से हॉकी खेल रहे हैं."

उन्होंने स्वीकार किया कि गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन टीम लगातार इस बात पर जोर देती है कि पूरे मैच में एक जैसी आक्रामकता और एकाग्रता बनाए रखी जाए. हरमनप्रीत ने कहा,"गलतियां होंगी, लेकिन हम लगातार यही बात करते हैं कि चारों क्वार्टर में निरंतरता बनाए रखनी है."

उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध हॉकी विरासत टीम के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रही है और खिलाड़ी विश्व कप में एक और बड़ी सफलता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे. उन्होंने कहा,"हमारी हॉकी की विरासत हमेशा हमें प्रेरित करती है. जिस तरह हमने ओलंपिक पदक का लंबा इंतजार खत्म किया था, उसी तरह इस बार विश्व कप जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे."

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए हरमनप्रीत ने कहा,"देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं. पदक जीतने के बाद हम सब मिलकर जश्न मनाएंगे."

यह भी पढ़ें: गॉल में भारत-श्रीलंका टेस्ट में रिजल्ट निकलेगा ही निकलेगा, जानें क्या है भरोसे की बड़ी वजह, गिल करेंगे जीत से आगाज?

यह भी पढ़ें: गोल्ड, गौरव और गाथा: 80 सालों की 15 उपलब्धियां जिस पर हर भारतीय को है गर्व

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hockey, Harmanpreet Singh, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com