विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान हॉकी टीम की बेइज्जती के बाद पीएचएफ प्रमुख ने दिया इस्तीफा

Pakistan hockey team: विवाद की शुरूआत सोशल मीडिया पर आये एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था

ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान हॉकी टीम की बेइज्जती के बाद पीएचएफ प्रमुख ने दिया इस्तीफा
Pakistan hockey team:

PHF Chief Resigns:  पाकिस्तान हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने आस्ट्रेलिया दौरे पर होटल बुकिंग प्रकरण के कारण टीम को हुई परेशानियों से पैदा हुए विवाद के बीच पद से इस्तीफा दे दिया है.  बुगती ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने पीएचएफ के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है.  उन्होंने कहा ,‘‘ मैने प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से आस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है. ''

विवाद की शुरूआत सोशल मीडिया पर आये एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था.वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तानी हॉकी कप्तान शकील अम्माद बट ने एक और क्लिप जारी की जिसमें दावा किया गया कि सब कुछ ठीक है और कोई दिक्कत नहीं है. 

कुछ दिन बाद हालांकि वापिस लौटने पर बट ने लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में पीएचएफ की आलोचना करके दौरे पर कुप्रबंधन के लिये उसे दोषी ठहराया.  एक और वीडियो में दावा किया गया कि होटल बुकिंग के अभाव में टीम सड़कों पर भटकती रही और मैच खेलने से पहले बर्तन भी मांजे. बट को इन बयानों का खामियाजा भी भुगतना पड़ा और बुगती ने पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब करने के लिये उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया. 

इस मामले में पाकिस्तान खेल बोर्ड और पीएचएफ एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं. बुगती ने पीएसबी को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि आस्ट्रेलिया दौरे पर सारे इंतजाम उसी ने किये थे.वहीं जब दस लाख रूपये से अधिक के चेक के बारे में पूछा गया जो पीएसबी ने दिये थे, बुगती ने कोई जवाब नहीं दिया. 

पाकिस्तानी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफे की पेशकश की लेकिन कहा कि कप्तान समेत कुछ खिलाड़ी अनुशासनहीन हैं जिन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को अपशब्द कहे जिससे प्रदर्शन पर असर पड़ा. पाकिस्तान सारे आठ मैच हारकर नौ टीमों में आखिरी स्थान पर है.  अब वह विश्व कप के आखिरी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में भाग लेने मिस्र जायेगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com