विज्ञापन
3 years ago

Asian Games 2023 Highlights: भारतीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और निशानेबाजी में अपना परचम लहराते हुए भारत की झोली में ढेरों पदक डाले जबकि बैडमिंटन पुरूष टीम को फाइनल में पराजय के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा और अदिति अशोक ने गोल्फ में रजत पदक जीता. अविनाश साबले एशियाई खेलों में पुरूषों की 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरूष बन गए जबकि पुरूषों के शॉटपुट में तेजिंदर पाल सिंह तूर ने आखिरी थ्रो पर बाजी मारते हुए अपना खिताब बरकरार रखा. 29 वर्ष के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी साबले ने हांगझोउ खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया. उन्होंने 8 : 19 . 50 सेकंड में रेस पूरी की.

उन्होंने 8 : 22 . 79 सेकंड का एशियाई रिकॉर्ड तोड़ा जो 2018 जकार्ता खेलों में ईरान के हुसैन केहानी ने बनाया था. सुधा सिंह ने 2010 ग्वांग्झू एशियाई खेलों में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था. वहीं शॉटपुट में तूर ने पहले दो प्रयास में फाउल करने के बाद तीसरे प्रयास में 19 . 51 मीटर का थ्रो लगाया. उनका चौथा थ्रो 20 . 06 मीटर का रहा लेकिन पांचवां थ्रो फिर फाउल हो गया. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास आखिरी थ्रो पर 20 . 36 मीटर था जिसने उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया.

भारत ने आज दो स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक जीते लेकिन महिलाओं की 100 मीटर बाधादौड़ फाइनल में विवाद हो गया. ज्योति याराजी और चीन की वु यान्नी को ‘फाल्स स्टार्ट' के कारण अयोग्य करार दिया गया लेकिन बाद में जज ने उन्हें रेस में भाग लेने की अनुमति दी. चीन की लिन युवेइ ने 12 . 74 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता जबकि यान्नी दूसरे और याराजी तीसरे स्थान पर रही थी.

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने तुरंत विरोध दर्ज किया और तकनीकी नियम 16 . 8 के तहत यान्नी को अयोग्य करार दिया गया जबकि याराजी का कांस्य पदक रजत में बदल गया. एएफआई की सीनियर उपाध्यक्ष और लंबी कूद की पूर्व स्टार अंजू बॉबी जॉर्ज ने इसे अविश्वसनीय ड्रामा करार दिया. एएफआई अध्यक्ष और विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिले सुमरिवाला ने कहा कि यह मामला उच्च स्तर तक ले जाया जायेगा ताकि आइंदा ऐसा नहीं हो.

महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में भारत की हरमिलन बैंस ने रजत पदक जीता जबकि पुरूष वर्ग में अजय कुमार सरोज को रजत और जिंसन जॉनसन को कांस्य पदक मिला. महिलाओं की चक्काफेंक में सीमा पूनिया ने कांस्य पदक जीता. इससे पहले गत चैंपियन भारत की हेप्टाथलन खिलाड़ी स्वप्ना बर्मन चोटों से जूझने के कारण भाला फेंक स्पर्धा के बाद हेप्टाथलन स्पर्धा से पदक की दौड़ से लगभग बाहर हो गईं.

भारतीय ट्रैप निशानेबाजों ने एशियाई खेलों में निशानेबाजी के आखिरी दिन को यादगार बना दिया जब पुरूष टीम ने स्वर्ण और महिला टीम ने रजत पदक जीता हालांकि व्यक्तिगत वर्ग में सिर्फ कीनान चेनाई ने कांस्य पदक हासिल किया. आखिरी दिन ट्रैप में मिले तीन पदकों के बाद भारतीय निशानेबाज सात स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य समेत 22 पदक लेकर लौटेंगे जो एशियाई खेलों में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

बैडमिंटन में चोटिल एच एस प्रणय की कमी भारत को खली और शुरूआती दो मैच जीतने के बाद चीन के हाथों फाइनल 2 . 3 से हारने के कारण उसे एशियाई खेलों में पुरूष टीम चैम्पियनशिप में रजत पदक से संतोष करना पड़ा. दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय कमर की चोट के कारण नहीं खेल सके. लक्ष्य सेन ने पहला एकल और सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने युगल मैच जीतकर भारत को 2 . 0 की बढत दिलाई.

इसके बाद दारोमदार किदाम्बी श्रीकांत पर था जिन्होंने दक्षिण कोरिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उम्दा प्रदर्शन किया था. इस बार वह उस लय को कायम नहीं रख सके और हार गए. चीन ने बाकी दोनों मैच जीतकर अपना दबदबा बरकरार रखा.

मुक्केबाजी में दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन की लंबे समय से चली आ रही जीत की लय महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में हारकर टूट गयी जबकि परवीन हुड्डा ने 57 किग्रा स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाकर ओलंपिक कोटा हासिल करते हुए पदक पक्का किया. भारतीय गोल्फर अदिति अशोक महिला गोल्फ स्पर्धा के आखिरी दिन अपनी लय बरकरार नहीं रखी सकी और पांच ओवर 77 का निराशाजनक कार्ड खेलकर रजत पदक अपने नाम किया. महिला गोल्फ में यह भारत का पहला पदक है.

भारतीय महिला हॉकी टीम को पूल ए के मैच में दक्षिण कोरिया ने 1 . 1 से ड्रॉ पर रोका हालांकि बेहतर गोल औसत के आधार पर भारतीय टीम अभी भी शीर्ष पर है. दक्षिण कोरिया के लिये 12वें मिनट में चो हायेजिन ने गोल कर दिया जबकि भारत के लिये तीसरे क्वार्टर में नवनीत कौर ने 44वें मिनट में बराबरी का गोल दागा.

अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम की अगुआई में कंपाउंड तीरंदाजों ने उम्मीदों पर खरे उतरे हुए एशियाई खेलों में क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया तथा महिला और मिश्रित जोड़ी टीम स्पर्धा में शीर्ष वरीयता हासिल की. विश्व चैम्पियन ओजस देवताले और 2014 एशियाड रजत पदक विजेता अभिषेक वर्मा ने तीसरा-चौथा स्थान हासिल किया जिससे भारत ने पुरुष टीम कंपाउंड क्वालीफायर में दूसरी वरीयता प्राप्त की.

 (मेडल टैली)

Here are the Live Updates of Asian Games 2023, October 1 Action:

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Other Sports, Asian Games 2023
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com