- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रॉयल नेस्ट सोसायटी में फ्लैट की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया
- घटना उस वक्त हुई जब युवक कमरे में काम कर रहा था और कुछ देर बाद प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर गया था
- सोसायटी निवासियों ने करोड़ों रुपये के फ्लैट में इस तरह की घटना पर गहरी नाराजगी और चिंता व्यक्त की है
अपना घर बनाना एक आम आदमी के लिए उसके सबसे बड़ा सपना होता है. अपना खुद का घर बनाने के लिए आम आदमी पूरी जमापूंजी लगा देता है. लेकिन क्या हो कि कोई करोड़ों रुपये खर्च करके किसी सोसायटी में फ्लैट ले, लेकिन उस फ्लैट की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर जाए? ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा की एक पॉश सोसायटी से आया है, जहां एक फ्लैट की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया. मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रॉयल नेस्ट सोसायटी का है. इस घटना में कमरे में काम कर रहे युवक का लैपटॉप और मोबाइल डैमेज हो गया.
घटना उस वक्त हुई जब युवक कमरे में बैठकर काम कर रहा था. जब वह कमरे से बाहर था, तभी कुछ देर में प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर गया. इससे उसका लैपटॉप और मोबाइल टूट गया. सोसायटी के लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
करोड़ों के फ्लैट की ऐसी है सेफ्टी!
— NDTV India (@ndtvindia) March 11, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रॉयल नेस्ट सोसायटी में एक फ्लैट के कमरे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया. उस वक्त कमरे में काम कर रहा युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन गिरते प्लास्टर से उसका लैपटॉप और मोबाइल टूट गया.#GreaterNoida pic.twitter.com/bvaAJqcHNT
सोसायटी के लोगों ने करोड़ों रुपये के फ्लैट में इस तरह की घटना पर गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति सो रहा होता और तभी प्लास्टर गिर जाता तो क्या होता?
निवासियों ने सोसायटी के मेंटेनेंस विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि भारी मेंटेनेंस चार्ज लेने के बावजूद ऐसी घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी दूसरी पॉश सोसायटीज में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं