विज्ञापन
This Article is From May 11, 2016

शीना बोरा मर्डर : इंद्राणी के ड्राइवर ने कहा, सबकुछ जानता हूं... जानिए उसने और क्या खुलासे किए

शीना बोरा मर्डर : इंद्राणी के ड्राइवर ने कहा, सबकुछ जानता हूं... जानिए उसने और क्या खुलासे किए
इंद्राणी और पीटर मुखर्जी जेल में हैं (फाइल फोटो)
मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड में उस समय एक नया मोड़ आ गया जब आरोपी ड्राइवर ने सरकारी गवाह बनने के लिए अर्जी दे दी। गौरतलब है कि इस मामले में शीना की मां इंद्राणी मुखर्जी के साथ ही उनके पति पीटर मुखर्जी, संजीव खन्ना और उनके पूर्व ड्राइवर श्यामवर राय आरोपी हैं। शीना बोरा की साल 2012 में हत्या कर दी गई थी और पुलिस के मुताबिक उसके शव को मुंबई से करीब 84 किलोमीटर दूर रायगढ़ के जंगलों में फेंक दिया गया था।

ड्राइवर राय की अर्जी पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उसे कठघरे में खड़ाकर कई सवाल पूछे। आइए जानते हैं कि अदालत के सवालों का आरोपी ड्राइवर ने क्या जवाब दिया-

जज : तुम क्या बताना चाहते हो?
आरोपी ड्राइवर- सच्चाई बताना चाहता हूं...
जज - तुम क्या जानते हो?
आरोपी ड्राइवर - सबकुछ
जज - कैसे?
आरोपी ड्राइवर - मैं हत्या के वक्त साथ में था...
जज - क्यों बताना चाहते हो?
आरोपी ड्राइवर - पश्चाताप हुआ है...
जज - कोई दबाव या लालच तो नहीं?
आरोपी ड्राइवर - नहीं...

आरोपी ड्राइवर से सवाल-जवाब के बाद जज ने सरकारी पक्ष से अपनी राय लिखित रूप से देने को कहा और मामले की अगली सुनवाई 17 मी तय कर दी।

इस हत्‍या का खुलासा इंद्राणी के ड्राइवर ने ही किया था। ड्राइवर ही पुलिस को उस जगह ले गया था, जहां तीन साल पहले रायगढ़ में (मुंबई से 84 किलोमीटर दूर) शीना की बॉडी को ठिकाने लगाया गया था।

कौन हैं इंद्राणी और शीना
  • इंद्राणी मुखर्जी, मीडिया नेटवर्क की सह संस्‍थापक थीं जो अब 9X है। उनको 25 अगस्त की रात मुंबई पुलिस कमिश्‍नर राकेश मारिया के नेतृत्‍व में एक टीम ने करीब घंटे भर तक चली पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।
  • शीना इंद्राणी और उसके पहले पति की संतान थी। शीना को 2012 के बाद कभी नहीं देखा गया और यकीन किया जाता था कि वह यूएस में हैं।
  • जिस वक्‍त शीना की हत्‍या हुई, तब वह 24 साल की थी। शीना और उसके भाई की परवरिश गुवाहाटी में नाना-नानी के पास हुई। बाद में शीना मुंबई में रहकर जॉब करने लगी।
  • जब शीना गायब हुई, उसकी मां की तरफ से गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। यहां तक कि शीना के भाई माइकल का भी कहना है कि उसे भी यकीन नहीं था कि शीना गायब थी।
अभी तक के घटनाक्रम पर एक नजर
शीना बोरा की रहस्मय हत्या के आरोप में उनकी मां इंद्राणी मुखर्जी मुख्य आरोपी हैं। इंद्राणी के पति पीटर को भी हत्या की साजिश में कथित भूमिका के लिए 19 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अन्य आरोपी संजीव खन्ना और उनके पूर्व चालक श्यामवर राय हैं।

शीना के प्रेमी राहुल ने पीटर से कहा था- इंद्राणी से खतरा है
इससे पहले सीबीआई ने कोर्ट में शीना बोरा के प्रेमी राहुल मुखर्जी के एक ईमेल का जिक्र किया था, जो राहुल ने अपनी प्रेमिका शीना की हत्या से करीब एक साल पहले अपने पिता को भेजा था। राहुल ने कहा था कि वह भी अपनी सौतेली मां इंद्राणी से जान के खतरे का सामना कर रहा है। हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने पूरक आरोप पत्र में इस बातचीत को शामिल किया है, जिसमें उल्लेख किया गया है कि पीटर को पता था कि उसकी पत्नी इंद्राणी ने उनके बेटे राहुल और अपनी बेटी शीना को धमकियां दी थीं।
 
राहुल मुखर्जी और शीना बोरा में अफेयर था..

सीबीआई ने कहा था कि खतरे का सामना कर रहे शीना और राहुल ने सभी मेल, मैसेज और दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए उनका बैक अप रखा था। 13 अप्रैल, 2011 के एक ईमेल में राहुल ने पीटर से कहा था कि कई मौकों पर हमें इंद्राणी से धमकियां मिली हैं। मैंने मेल, बातचीत और मैसेज सहित सभी दस्तावेज सुरक्षित रखकर अपनी और शीना की हिफाजत कर ली है। राहुल ने लिखा था कि शीना या मुझे कुछ भी होने पर इन दस्तावेजों को सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

शीना बोरा मामले पर बनी फिल्म ‘डार्क चॉकलेट’ की रिलीज पर रोक
बंबई उच्च न्यायालय ने शीना बोरा हत्या मामले पर आधारित फिल्म ‘डार्क चॉकलेट’ के निर्माता एवं निर्देशक को इंटरनेट पर पहले से जारी इसके ट्रेलर के अलावा सिनेमा का कोई भी अंश जारी नहीं करने को कहा था। दरअसल, आरोपी पीटर मुखर्जी की बहन की एक याचिका पर सुनवाई लंबित है। मुखर्जी की बहन शानगोम दास गुप्ता ने उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर बंगाली फिल्म ‘डार्क चॉकलेट’ के रिलीज पर इस आधार पर रोक लगाने की मांग की है कि यह एक निष्पक्ष जांच के लिए पीटर के अवसर को प्रभावित करेगा।

गला घोंटने से हुई थी मौत
शीना बोरा हत्याकांड में सीबीआई के आरोपपत्र में शामिल एक मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार शीना की मौत गला घोंटे जाने की वजह से दम घुटने से हुई थी।नई दिल्ली स्थित एम्स द्वारा गठित पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने रिपोर्ट तैयार की है।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
शीना बोरा, इंद्राणी मुखर्जी, श्यामवर राय, इंद्राणी मुखर्जी का ड्राइवर, शीना बोरा हत्याकांड, पीटर मुखर्जी, Sheena Bora, Indrani Mukerjea, Shyamwar Rai, Indrani Mukherjea Driver, Sheena Bora Murder, Peter Mukherjea
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com