- मुंबई पुलिस के एक ड्राइवर का छात्रों को धमकाने वाला वीडियो वायरल हुआ था.
- वीडियो आने के बाद मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को संबंधित पोस्ट से हटा दिया है.
- मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भी छात्रों ने नीट पेपर परीक्षा लीक मामले में प्रदर्शन किया है.
नीट पेपर लीक को लेकर मुंबई में भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. मुंबई के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन देखा गया है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है. जिसे मुंबई कांग्रेस ने भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इस वीडियो में पुलिस ड्राइवर कार में बैठे छात्रों को ड्रग्स के झूठे केस में फंसाने की धमकी देता नजर आ रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोषी पुलिसकर्मी को उसकी ड्यूटी से हटा दिया है. बता दें कि मुंबई के शिवाजी पार्क, चेंबूर समेत कई दूसरे इलाकों में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया है.
मुंबई पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया
मुंबई पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों पर सख्त रुख अपनाया और 400 से अधिक छात्रों को हिरासत में ले लिया था. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए सभी को अलग-अलग जगहों से उठाया था.
एक वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि @MumbaiPolice प्रदर्शन कर रहे छात्रों को धमका रही है कि अगर वे दोबारा प्रदर्शन करने लौटे, तो उन्हें झूठे ड्रग्स के मामले में फँसा दिया जाएगा और पूरी ज़िंदगी जेल में सड़ना पड़ेगा।
— Mumbai Congress (@INCMumbai) July 23, 2026
अगर यह सच है, तो यह सिर्फ़ छात्रों को डराने की कोशिश नहीं,… pic.twitter.com/36KescEmro
ये भी पढ़ेंः बल प्रयोग की जगह छात्रों के घरों पर दस्तक देगी, विरोध प्रदर्शन पर मुंबई पुलिस का नया प्लान
पुलिस ड्राइवर का वीडियो वायरल
यह विवाद तब और गहरा गया जब पुलिस वैन के भीतर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. वीडियो में एक पुलिस ड्राइवर छात्रों को को कहते हुए देखा जा रहा है 'तुम्हारे पास नशीला पाउडर (ड्रग्स) रख दूंगा, झूठे केस में फंसाकर ऐसा अंदर करूंगा कि जिंदगी भर कोर्ट के चक्कर काटते रह जाओगे और करियर बर्बाद हो जाएगा.' छात्रों ने इस पूरी बातचीत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसे इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया. मुंबई कांग्रेस की तरफ से भी यह वीडियो शेयर किया गया और पुलिस और सरकार से जबाव मांगा है.
मुंबई पुलिस ने ड्राइवर को हटाया
मामला सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच पूरी होने तक संबंधित ड्राइवर को उसकी मौजूदा पोस्टिंग वाली जगह से हटा दिया है. मुंबई पुलिस ने अब इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और तथ्यों की पुष्टि के बाद कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि जांच के बाद पुलिस और स्थिति क्लीयर करेगी.
ये भी पढ़ेंः आवारा कुत्ते बहुत ज्यादा हैं; क्या वे पालतू हैं? दिल्ली हाईकोर्ट का स्वत: संज्ञान, सरकार-MCD से मांगी रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं