- भारी बारिश के बाद मुंबई में हाल बेहाल
- तमाम इलाकों में जलभराव के बाद लगा जाम
- लोकल ट्रेन और उड़ानों पर भी पड़ा असर
मुंबई में सुबह से लगातार हुई बारिश (Mumbai Rain) ने जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. सड़कों और पटरियों पर पानी भरा है. सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक ही मुंबई में सौ मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी. शहर के तमाम इलाकों में जलभराव और जाम से लोग जूझते नजर आए. गलियों में दरिया जैसा नजारा दिखा. दहिसर, वर्ली, कुर्ला, दादर, सायन हर जगह एक ही तस्वीर दिखी. बारिश की चपेट में मुंबई की लोकल ट्रेनें भी आ गईं. लगभग हर स्टेशन पर लोग जूझते नज़र आए. आपको बता दें कि दो दिनों से हो रही बारिश बुधवार को ज़्यादा बढ़ गई. मुंबई शहर में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक 100.97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. जबकि पश्चिमी उपनगर में इसी दौरान 145 मिलीमीटर तक बारिश हुई. पूर्वी उपनगर में 131.49 मिलीमीटर बारिश हुई. बारिश का असर गणेशोत्सव पर भी पड़ा. किसी अनहोनी से बचने के लिए पांडालों की बिजली काट दी गई.
Dear Mumbaikars,
— Mumbai Police (@MumbaiPolice) September 3, 2019
The IMD authorities have indicated high rainfall weather for Mumbai and other adjoining districts for the next 2 days.
Please take adequate precautions and ensure safety.#Dial100 in case of an emergency.
Take care Mumbai.
दूसरी तरफ, सुबह स्कूल बंद करने का एलान हुआ. हालांकि कुछ बच्चे स्कूल पहुंचे, जिन्हें लौटने को कहा गया. वहीं, खबर है कि मीठी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है. मुंबई प्रशासन सारे एहतियात बरत रहा है ताकि बारिश की मुसीबत को कुछ कम किया जा सके. इस बीच खबर है कि मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है और अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. शहर में कल 618% बारिश हुई थी और आज 580% बारिश हुई है. आपको बता दें सितंबर महीने में 17% ज़्यादा बारिश हुई है. आज बारिश के दौरान दादर सर्किल समेत कई इलाक़ों में जाम लगा रहा. वसई और विरार के बीच ट्रेनें रोकी गईं, वहीं सेंट्रल लाइन पर ट्रेनों की रफ़्तार कम कर दी गई.
The city has witnessed the heaviest rainfall so far, with the total rainfall mark exceeding the whole of September in just about 30 hours. @mybmc and @mumbaipolice are doing everything possible to keep us safe. Please follow their guidelines & cooperate. #MumbaiRains (1/n)
— Aaditya Thackeray (@AUThackeray) September 4, 2019
इसी तरह सीएसटी-ठाणे मेन लाइन पर भी ट्रेनें रोकी गईं. सायन और माटुंगा के बीच ट्रैक पर पानी भरा नजर आया. बेल बाज़ार कुर्ला में NDRF की टीम भेजी गई है. वहीं, NDRF की एक टीम पनवेल भी भेजी गई. वही, बारिश का असर उड़ानों पर भी पड़ा है और उड़ानों में औसत 25 मिनट की देरी हुई है. इस बीच मुंबई पुलिस की ओर से ट्वीट कर कहा गया है, 'मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले दो दिन तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का आशंका है. कृपया पूरी तरह से चौकन्ना और सुरक्षित रहें. अगर किसी भी तरह की आपात स्थिति होने पर 100 नंबर पर डायल करें. टेक केयर मुंबई'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं