विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2022

विदिशा के रयपुरा में घरों में भरा बारिश का पानी, लोगों ने शिवराज सिंह के जयकारे लगाए

मध्यप्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला जारी, विदिशा जिले के रयपुरा में बस्तियों में दो से तीन फुट पानी भरा

विदिशा के रयपुरा में घरों में भरा बारिश का पानी, लोगों ने शिवराज सिंह के जयकारे लगाए
मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के रयपुरा में बारिश का पानी घरों में घुस गया.
भोपाल:

मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के विदिशा (Vidisha) जिले में भारी बारिश (Heavy rain) के कारण रयपुरा (Raipura) क्षेत्र में घरों में पानी भर गया है. यहां के निवासियों ने नेताओं के विकास के नाम पर नारे लगाए. सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) के जयकारे लगाने के साथ उन्होंने कहा कि शायद इससे उन्हें मुआवजा मिल जाएगा. रयपुरा क्षेत्र में बस्तियों में दो से तीन फुट पानी भरा है. घरों में पानी भरने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. 

लगातार हो रही बारिश की वजह से विदिशा जिले के रयपुरा क्षेत्र में कई घरों में पानी भरने की खबर आई है. यहां के रहवासियों ने घर में घुसे पानी से बचने के लिए खटिया पर रात गुजारी. नाराज लोगों ने अपना विरोध जताने का अलग तरीका अपनाया. उन्होंने विदिशा के विकास और शिवराज सिंह चौहान के जयकारे लगाए. उनका कहना है कि शहर का विकास किया. आम जनता का विकास हुआ हो या नहीं हुआ हो नेताओं का विकास हुआ है. शायद शिवराज सिंह चौहान के जयकारे लगाने से उन्हें जल्द मुआवजा मिल जाएगा. 

लोगों ने बताया कि घरों में दो से तीन तीन फुट पानी भरा है. घरों में खाने पीने का सामान और बिजली के उपकरण पानी की वजह से पूरी तरह खराब हो चुके हैं.

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही जिससे राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में स्कूल बंद रहे. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया है जिसमें राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. प्रदेश के बड़े हिस्से में नदियां, नाले और अन्य जल स्त्रोत उफान पर हैं और पानी छोड़ने के लिए कई बांधों के द्वार खोल दिए गए हैं. 

पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहनों की आवाजाही कम रही. प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की खबरें हैं. आईएमडी ने लोगों को मूसलाधार बारिश के बीच यात्रा करने से बचने की सलाह दी है.

सोमवार को भोपाल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई. अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में सोमवार को स्कूल बंद रहे. मौसम के पूर्वानुमान के बाद अधिकारियों को रविवार शाम को स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी करने का फैसला किया.

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि 24 घंटे की अवधि में सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक भोपाल में 190.5 मिमी बारिश हुई इसके बाद गुना में 174.9 मिमी, सागर में 173.9 मिमी, रायसेन में 162 मिमी और जबलपुर में 160 मिमी बारिश हुई.

भोपाल में तेज हवा के साथ बारिश से सड़कों के किनारे कई पेड़ उखड़ गए और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हुआ. भोपाल नगर निगम के कर्मचारी रास्ते में गिरे पड़े पेड़ों और शाखाओं की सफाई करते दिखे.

आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह ने बताया, ‘‘भोपाल और सागर के पास मध्य प्रदेश के मध्य भागों में दबाव बना हुआ है. इसलिए आज रात तक भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.''

दबाव के पश्चिम की ओर (मध्य प्रदेश में गुना और राजस्थान की ओर) बढ़ने की संभावना है. अधिकारी ने कहा कि जब मध्य प्रदेश में दबाव पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा इसके परिणामस्वरूप इंदौर, और उज्जैन संभागों में भी रात में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है .

उन्होंने कहा कि पूर्वी मध्यप्रदेश में मानसून की बारिश थोड़ी कम हो गई है. उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में लगभग पूरे राज्य में बारिश हुई है. सिंह ने कहा कि मंगलवार से बारिश की गतिविधि कम होने की उम्मीद है.

(इनपुट भाषा से भी)

बस्तर में भारी बारिश के बीच नक्सलियों से निपटने के लिए जंगल में तैनात हैं जवान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heavy Rain, Rain Water Filled Houses, Vidisha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com