विज्ञापन
This Article is From Jun 26, 2017

देशद्रोही नहीं वंदे मातरम के नारे लगे मोहाद में! शिकायतकर्ता ने कहा- मामला झूठा, जबरन गवाह बनाया

पुलिस ने जिस शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज करने का दावा किया है वह खुद कह रहा है कि उसने कोई शिकायत नहीं की

देशद्रोही नहीं वंदे मातरम के नारे लगे मोहाद में! शिकायतकर्ता ने कहा- मामला झूठा, जबरन गवाह बनाया
बुरहानपुर के मोहाद के 15 युवकों पर देश विरोधी नारे लगाने का मामला दर्ज किया गया है.
  • कोर्ट में हलफनामा दिया कि पुलिस ने 15 युवकों के खिलाफ झूठा केस गढ़ा
  • एक पड़ोसी की मदद करने के लिए थाने गए थे सुभाष कोली
  • एसपी ने कहा जब पुलिस पहुंची उस वक्त भी आरोपी पटाखे फोड़ रहे थे
भोपाल: मध्यप्रदेश की पुलिस ने बुरहानपुर में मोहाद के 15 युवकों पर पहले देशद्रोह का मामला दर्ज किया, दो दिन बाद सबूतों के अभाव में उसे हटा दिया. अब पुलिस ने जिस शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज करने का दावा किया है वह खुद कह रहा है कि उसने ऐसी कोई शिकायत नहीं की. यहां तक कि वह उस दिन गांव में मौजूद भी नहीं था.

बुरहानपुर पुलिस ने मामले में सुभाष कोली को मुख्य शिकायतकर्ता बनाया है लेकिन एनडीटीवी के साथ बातचीत में कोली ने कहा उन्हें जबरन गवाह बनाया गया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को सूचित नहीं किया था. वह रविवार को एक पड़ोसी की मदद करने के लिए थाने गया थे जिसे नारे लगाने के आरोप में पुलिस ले गई थी. सोमवार को वह थाने में था इसलिए पुलिस ने उसे ही गवाह बना दिया. कोली ने कहा उस दिन नारे लगे लेकिन 'वंदे मातरम' और  'भारत माता की जय' के नारे लगे.

सुभाष कोली का पेशा डिश एंटीना ठीक करना है. उनकी शिकायत है पुलिस ने उनसे गलत बयान लेकर उनके गांव मोहाग के 15 लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया, जबकि वह उस दिन गांव में मौजूद तक नहीं था. कोली ने बाकायदा अब कोर्ट में हलफनामा देकर कहा है कि पुलिस ने 15 युवकों के खिलाफ झूठा केस गढ़ा है.

जबकि शाहपुर थाने के प्रभारी संजय पाठक ने पहले कहा था "सुभाष कोली ने सोमवार को गांव में पाक की जीत पर देश विरोधी नारे लगाने की शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ धारा 120बी (साजिश) और 124ए (देश विरोधी गतिविधि) के तहत मामला दर्ज किया गया था.'
     
पुलिस अब कह रही है कि उसे कोली के दावों के बारे में नहीं पता अगर औपचारिक शिकायत आई तो वे जांच करेंगे. एसपी आरआरएस परिहार ने कहा हमारे पास जो सूचना है, जब पुलिस वहां पहुंची उस वक्त भी आरोपी पटाखे फोड़ रहे थे. उन्हें रंगे हाथ पकड़ा है. जिसने पहली सूचना दी वह फरियादी है. अगर कुछ तथ्य आगे मिले तो हम जांच कराएंगे.
          
गौरतलब है कि 20 जून को बुराहनपुर पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लिया था. चैपिंयंस ट्रॉफी में भारत की हार पर पटाखे फोड़ने, देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में उन पर देशद्रोह का केस दर्ज किया गया. दो दिन बाद पुलिस ने देशद्रोह का मामला वापस ले लिया. पहले मोहाद में 15 आरोपियों के खिलाफ 124 ए के तहत देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया और दो दिन बाद उसे 153 ए में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले में बदल दिया. सारे आरोपी फिलहाल खंडवा जेल में बंद हैं. मोहाद में तकरीबन 5000 लोग रहते हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Burhanpur, Anti National Slogans, Champions Trophy 2017, India-Pakistan Match, Madhya Pradesh, MP Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com