विज्ञापन
This Article is From May 16, 2020

मध्य प्रदेश : कोरोना जांच के लिए टोकने पर गई जान, दो पक्षों में हुई पत्थरबाजी में बुजुर्ग महिला समेत 2 की मौत

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के भिंड में एक परिवार को कोरोना की स्क्रीनिंग के लिए पड़ोसी को टोकना महंगा पड़ गया. बीती रात दोनों पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक वृद्ध महिला को पत्थर मारकर मौत के घाट उतार दिया.

मध्य प्रदेश : कोरोना जांच के लिए टोकने पर गई जान, दो पक्षों में हुई पत्थरबाजी में बुजुर्ग महिला समेत 2 की मौत
पुलिस ने 9 आरोपियों में से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
  • पत्थरबाजी में बुजुर्ग महिला की मौत
  • मृतक महिला के भाई की भी हुई मौत
  • पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
भिंड:

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के भिंड में एक परिवार को कोरोना की स्क्रीनिंग के लिए पड़ोसी को टोकना महंगा पड़ गया. बीती रात दोनों पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक वृद्ध महिला को पत्थर मारकर मौत के घाट उतार दिया. जबकि तीन लोग घायल हो गए. घायल में मृतका के भाई की हालत गंभीर होने से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया था, जिसने आज (शनिवार) सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दो का इलाज भिंड अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने अभी तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इस वारदात के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग मृतका का नाम कला जाटव था. वह कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेम नगर इलाके में रहती थी. उनके पड़ोस में कपूर खान का निवास है. कपूर खान के घर दिल्ली हॉटस्पॉट इलाके से उसका दामाद आया हुआ था, जो होम क्वारंटाइन में रह रहा था. कला जाटव के परिजनों ने उसके दामाद की जिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराने के लिए बोला, जिससे कपूर खान भड़क गए. देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई होने लगी. दोनों के बीच जमकर खूनी संघर्ष होने लगा.

कपूर खान के परिजनों ने छत से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे नीचे खड़ी कला जाटव की पत्थर लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि महिला का भाई, बेटा और बहनोई घायल हो गए. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. मृतक महिला के भाई विष्णु जाटव की हालत नाजुक होने के कारण इलाज के लिए उसे ग्वालियर भेज दिया गया. वहां आज सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद कपूर खान का पूरा परिवार मौके से भाग गया.

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस ने कपूर खान के परिवार के 9 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अभी भी फरार है. टीआई उदय भान यादव का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है.

VIDEO: भारत में कोरोना के चीन से ज्यादा मामले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh, Bhind Clash News, MP Police, Coronavirus Test, Covid 19, Coronavirus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com