- महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों 'ऑपरेशन टाइगर' सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है.
- यह शिंदे का वो चाल है, जिससे वो महायुति के भीतर अपनी राजनीतिक हैसियत को नए मुकाम पर पहुंचा रहे हैं.
- इस ऑपरेशन के जरिए शिंदे गुट में हाल के दिनों में अलग-अलग दलों के कई नेता शामिल हुए.
Maharashtra politics: महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों गजब भगदड़ मची है. इसका सबसे ज्यादा असर उद्धव ठाकरे पर पड़ा है. 4 साल पहले शिवसेना में हुई बगावत के बाद एकनाथ शिंदे ने पहले महाराष्ट्र की सत्ता संभाली, और अब वो अपनी दखल दिल्ली में मजबूत करते दिख रहे हैं. शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसद शिंदे गुट के साथ जाते नजर आ रहे हैं. गुरुवार को दिल्ली में हुई ठाकरे गुट के सांसदों की बैठक में ये सभी 6 सांसद शामिल नहीं हुए. इन सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर शिंदे गुट के साथ विलय की मांग की है. अब उद्धव गुट के 20 पार्षदों के भी शिंदे के संपर्क में होने का दावा किया जा रहा है.
आज पार्टी के स्थापना दिवस पर भी शिंदे ने खुद को असली शिवसेना बताने की पूरजोर कोशिश की है. मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में लगाए गए पोस्टरों में शिंदे गुट को बाला साहेब ठाकरे की विरासत को आगे बढ़ाना वाला बताया गया है. लेकिन शिंदे का ऑपरेशन टाइगर केवल उद्धव गुट तक ही सीमित नहीं रहा है. बीते 8 महीने में शिंदे के ऑपरेशन टाइगर ने उद्धव ठाकरे, कांग्रेस और एनसीपी को 16 झटके दिए है.
शिंदे गुट में हालिया शामिल हुए नेताओं की लिस्ट
- 7 जून, 2026: यवतमाल से कांग्रेस नेता साहेबराव कांबले शिंदे की पार्टी में शामिल हुए. विधान परिषद चुनाव में अपना नामांकन वापस लेने के कारण कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था.
- 4 जून, 2026: डोंबिवली के चर्चित चेहरे—पूर्व पार्षद शैलेश धात्रक, मनीषा धात्रक, श्रीकर चौधरी और प्रमिला चौधरी शिवसेना में शामिल, इससे पहले ये चारों नेता भारतीय जनता पार्टी में थे.
- 30 मई, 2026: गोंदिया जिले में शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता मनोहर चंद्रिकापुरे शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए
- 28 मई, 2026 : लातूर जिले के अहमदपुर से पूर्व विधायक विनायक पाटील 25,000 कार्यकर्ताओं के साथ शामिल. शिंदे गुट में शामिल होने से पहले वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में थे.
- 14 मई, 2026 : अजित गुट एनसीपी प्रवक्ता आनंद परांजपे शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिवसेना से की थी. 2012 में उन्होंने शिवसेना छोड़ दी थी और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे. बाद में, जब एनसीपी में विभाजन हुआ, तब वे अजित पवार के गुट के साथ चले गए थे.
- 30 अप्रैल, 2026: प्रहार जनशक्ती पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री बच्चू कडू शिवसेना में शामिल हुए.
- 12 अप्रैल, 2026: पंढरपूर की नगराध्यक्ष प्रणिका भालके शामिल.
- 23 अप्रैल, 2026: धुलिया में शिवसेना के पहले मेयर और ठाकरे गुट के नेता भगवान करनकाल शिवसेना में शामिल.
- 6 मार्च, 2026: जलगांव में पूर्व सांसद और ठाकरे गुट के नेता उन्मेष पाटिल शिवसेना में शामिल.
- 16 फरवरी, 2026: नांदेड के पूर्व विधायक और किसान नेता शंकर धोंडगे शामिल. शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होने से पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की भारत राष्ट्र समिति BRS में थे.
- 11 जनवरी, 2026: शिवडी के कद्दावर UBT शिवसैनिक दगडू सकपाल शिंदे सेना में शामिल.
- 18 जनवरी, 2026: बीड जिले के केज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक संगीता ठोंबरे ने 18 जनवरी 2026 को मुंबई में एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना (शिंदे गुट) में प्रवेश किया. शिंदे गुट में शामिल होने से पहले वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) में थीं, जहाँ वे प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थीं.
- 10 मार्च 2025 : कांग्रेस के पूर्व विधायक और पुणे के कस्बा पेठ के नेता रवींद्र धंगेकर 10 मार्च 2025 को कांग्रेस पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए. धंगेकर ने मार्च 2023 के उपचुनाव में कस्बा पेठ सीट जीतकर इस क्षेत्र में 28 वर्षों का भाजपा का वर्चस्व समाप्त किया था! 2024 में पुणे लोकसभा क्षेत्र से भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था
- 24 दिसंबर 2025: छत्रपति संभाजीनगर के MNS जिलाध्यक्ष सुमित खांबेकर 24 दिसंबर 2025 को एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए थे. इससे पहले वे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना में जिलाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे.
- 16 दिसंबर 2025: नवी मुंबई महानगरपालिका में ठाकरे गुट (उद्धव ठाकरे) के प्रमुख नेता और पूर्व नगरसेवक मनोहर मढवी 16 दिसंबर 2025 को आधिकारिक तौर पर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए
- 11 नवंबर 2025: उदगीर के पूर्व विधायक सुधाकर भालेराव 11 नवंबर 2025 को एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए. शिवसेना में आने से पहले वे 2024 के विधानसभा चुनाव के समय NCP (शरदचंद्र पवार) में थे और 2009 व 2014 में वे भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं