पीएम मोदी 20-21 जून को पश्चिम बंगाल पहुंचकर वहां कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. बंगाल दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही वे किसानों को भी कई बड़े तोहफे देंगे. पीएम 20 जून दोपहर करीब 3:45 बजे वे हुगली जिले के तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में शामिल होंगे. यहां पर वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. बंगाल के लोगों के नाम उनका संबोधन भी होना है.
रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मछली पालन और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में फैली इन परियोजनाओं से इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा, आजीविका में सुधार होगा, किसानों को लाभ मिलेगा और पूरे राज्य में सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी आएगी. पीएम मोदी इस मौके पर किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इस किस्त के तहत, देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक अकाउंट में सीधे 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी.
तारकेश्वर से जारी करेंगे किसान सम्मान योजना की किश्त
अकेले पश्चिम बंगाल में 45 लाख से अधिक लाभार्थियों को 900 करोड़ रुपए से अधिक क्रेडिट किए जाएंगे. इससे राज्य में इस योजना के तहत कुल 15,000 करोड़ रुपए से अधिक का वितरण हो जाएगा. 2019 में योजना लॉन्च होने के बाद से देशभर में कुल वितरण 4.46 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है.
पीएम मोदी बंगाल को देंगे इन योजनाओं का तोहफा
पीएम बंगाल में कई मुख्य कृषि योजनाओं की शुरुआत करेंगे. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के हिस्से के तौर पर एग्री स्टैक, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं. पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भी लॉन्च करेंगे, जिससे राज्य के किसानों को फसल बीमा योजना का फायदा मिलेगा.
राष्ट्रीय मिशन करेंगे लॉन्च
हुगली से पीएम मोदी पारंपरिक भारतीय तरीकों पर आधारित टिकाऊ और रसायन-मुक्त खेती को बढ़ावा देने के लिए पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय मिशन को भी लॉन्च करेंगे. एकीकृत कृषि विकास की दिशा में एक बड़े कदम के तौर पर वे बंगाल में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पीएमडीडीकेवाई) की भी शुरुआत करेंगे.
मॉडर्न फिश मार्केट का उद्घाटन
इसके साथ ही, पीएम मोदी दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज में आधुनिक और बढ़ी हुई क्षमता वाले फिशिंग हार्बर और बीरभूम के सैंथिया में नए बने मॉडर्न फिश मार्केट का उद्घाटन करेंगे. वे नदिया जिले के हरिंघाटा में रीजनल सीमेन प्रोडक्शन लैबोरेटरी और बकरियों के लिए सीमेन बैंक का भी उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर वे लोगों को संबोधित भी करेंगे.
हावड़ा में 300 बिस्तरों वाले नए डिवीजनल रेलवे अस्पताल का शिलान्यास
वहीं, लगभग 590 करोड़ रुपए की लागत वाली महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. हावड़ा में 300 बिस्तरों वाले नए डिवीजनल रेलवे अस्पताल का भी शिलान्यास होगा. प्रधानमंत्री मोदी 'प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना' के तहत तैयार किए गए 49 सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा, पूर्वी मेदिनीपुर जिले में हौर और राधामोहनपुर के बीच एक 'रोड ओवर ब्रिज' की आधारशिला भी रखेंगे.
तीन नौसैनिक जहाज सौंपेंगे
21 जून को प्रधानमंत्री मोदी कोलकाता के रेड रोड से 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे. पीएम मोदी वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे और हजारों योग करने वालों के साथ 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' सत्र में हिस्सा लेंगे. फिर, सुबह लगभग 9:15 बजे, प्रधानमंत्री कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों (आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय) को कमीशन करेंगे.
इन जहाजों के शामिल होने से देश की ऑपरेशनल क्षमताएं काफी बढ़ेंगी, समुद्री क्षेत्र की निगरानी बेहतर होगी और भू-राजनीतिक खतरों के खिलाफ हमारे तटीय जल की सुरक्षा मजबूत होगी. इन तीनों जहाजों को भारतीय नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है और कोलकाता में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने बनाया था. 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री वाले ये जहाज 'आत्मनिर्भरता' के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का भी सबूत हैं.
इनपुट- IANS के साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं