विज्ञापन
This Article is From Dec 23, 2019

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर शिवसैनिकों ने युवक का किया मुंडन

राहुल ने कहा, ''मैं चाहता हूं कि पुलिस शिवसेना के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करें. मैं बस अपना विचार प्रकट कर रहा था.''

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर शिवसैनिकों ने युवक का किया मुंडन
शिव सेनिकों ने इस शख्स का मुंडन किया.
  • राहुल नाम के शख्स ने फेसबुक पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
  • सीएए को लेकर उद्धव ठाकरे के बयान पर की थी टिप्पणी
  • इस पर शिव सैनिकों ने युवक का जबरन मुंडन किया
मुंबई:

महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Chief Minister Uddhav Thackeray) के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने पर मुम्बई के वडाला के एक व्यक्ति की शिवसैनिकों ने कथित रूप से पिटाई की. यह घटना रविवार की है. जानकारी के मुताबिक राहुल तिवारी नाम के शख्स ने 19 दिसंबर को अपने फेसबुक पेज पर उद्धव ठाकरे को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी. गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) में 15 दिसंबर की पुलिस कार्रवाई की तुलना जालियांवाला बाग से की थी. इसके बाद ही इस शख्स ने अपने फेसबुक पेज पर उद्धव ठाकरे के खिलाफ यह टिप्पणी की थी. 

यह भी पढ़ें: CAA के समर्थन में BJP ने कोलकाता में की रैली, जेपी नड्डा ने रैली को किया संबोधित

राहुल ने अपनी पोस्ट में संशोधित नागरिकता कानून का विरोध करने वाले जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई की तुलना 1919 के जलियांवाला बाग कांड से करने पर ठाकरे के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था. अधिकारी के अनुसार तिवारी ने कुछ लोगों से धमकी मिलने के बाद यह पोस्ट हटा दिया था लेकिन रविवार को शिवसेना के नेता समधन जुकदेव और प्रकाश हसबे के नेतृत्व में कुछ लोगों ने शांतिनगर में उसके घर के बाहर उससे मारपीट की और उसका मुंडन करा दिया.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक वडाला टीटी पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 149 के तहत दोनों पक्षों को नोटिस जारी किया है. सीआरपीसी की धारा 149 का इस्तेमाल पुलिस किसी भी संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए करती है. तिवारी ने दावा किया कि वह पहले विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल जैसे दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़ा था और उसे पीटने वाले लोगों को कानून अपने हाथ में लेने के बजाय उसके पोस्ट पर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी.

उसने कहा, ''मैं चाहता हूं कि पुलिस शिवसेना के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करे. मैं बस अपना विचार प्रकट कर रहा था.'' एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि तिवारी और उसके साथ मारपीट करने के आरोपियों के बीच समझौता हो गया है और यदि पुलिस को कोई शिकायत मिलती है तो मामला दर्ज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि तिवारी का बयान दर्ज किया जा रहा है. ठाकरे ने 17 दिसंबर को कहा था, ''जिस तरह पुलिस ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के परिसर में जबरन घुसकर विद्यार्थियों पर गोलियां चलायीं, वह जलियांवाला बाग नरसंहार के जैसा जान पड़ता है.''

Video: CAA और NRC से चुनाव में नुकसान नहीं: गोपाल कृष्ण अग्रवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Uddhav Thackarey, Shivsena
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com