पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनुस मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनकी दमदार गेंदबाजी की आज भी सराहना होती है. फैंस प्यार से उन्हें 'बुरेवाला एक्सप्रेस' नाम से भी बुलाते हैं. लोगों के मन में हमेशा एक सवाल रहता है कि दुनिया भर के क्रिकेटरों को मिलाकर ऑलटाइम बेस्ट प्लेइंग इलवेन तैयार किया जाए तो वह कैसा होगा? इसका जवाब पाक दिग्गज ने दिया है. उन्होंने दुनिया भर के चुनिंदा खिलाड़ियों को मिलाकर ऑलटाइम प्लेइंग इलवेन बनाई है, जो कुछ इस प्रकार है-
वकार ने डॉन ब्रैडमैन और मैथ्यू हेडन को ओपनर के तौर पर चुना
वकार यूनुस ने अपनी ऑलटाइम बेस्ट प्लेइंग इलवेन में ओपनर के तौर पर डॉन ब्रैडमैन और मैथ्यू हेडन का चुनाव किया है. ब्रैडमैन ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में 99.94 की औसत से रन बनाए हैं, जो कि वर्ल्ड रिकॉर्ड है. वहीं हेडन भी ऑस्ट्रेलिया से ही ताल्लुक रखते हैं, जो कि 2003 और 2007 वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा हैं.
लारा, सचिन और रिचर्ड्स के कंधों पर मध्यक्रम का भार
वकार यूनुस ने मध्यक्रम का भार ब्रायन लारा, सचिन तेंदुलकर और विव रिचर्ड्स के कंधों पर रखा है. लारा (22358 रन) इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दुनिया के नौवें बल्लेबाज हैं, जबकि सचिन का नाम पहले पायदान पर आता है. भारतीय स्टार ने ब्लू टीम की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट में 1989 से 2013 के बीच कुल 664 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस बीच वह 782 पारियों में 48.52 की औसत से 34357 रन बनाने में कामयाब रहे. रिचर्ड्स का नाम टॉप 10 बल्लेबाजों में नहीं आता है. मगर उनकी बेखौफ बल्लेबाजी से पूरी दुनिया अच्छी तरह से वाकिफ है.
सोबर्स और इमरान ऑलराउंडर, गिलक्रिस्ट बने विकेटकीपर
ऑलराउंडर के तौर पर वकार यूनुस ने जिन दो खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है. वह सर गारफील्ड सोबर्स और इमरान खान हैं. वहीं विकेट कीपिंग की जिम्मेदारी उन्होंने एडम गिलक्रिस्ट के कंधों पर रखी है. सोबर्स और इमरान बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी धमाका करने के लिए मशहूर थे. वहीं गिलक्रिस्ट विकेट कीपिंग के साथ-साथ बल्ले से महफिल लूटने के लिए मशहूर थे. वकार ने इमरान खान को अपनी टीम का कप्तान भी बनाया है.
दो तेज गेंदबाज और एक स्पिनर का किया चुनाव
वकार यूनुस ने ऑलटाइम बेस्ट प्लेइंग इलवेन में दो तेज गेंदबाजों और एक स्पिनर का चुनाव किया है. ये दोनों मुख्य तेज गेंदबाज वसीम अकरम और ग्लेन मैक्ग्रा हैं. वहीं स्पिनर के तौर पर उन्होंने शेन वॉर्न पर भरोसा जताया है.
'बुरेवाला एक्सप्रेस' की ऑलटाइम बेस्ट प्लेइंग इलवेन
डॉन ब्रैडमैन, मैथ्यू हेडन, ब्रायन लारा, सचिन तेंदुलकर, विव रिचर्ड्स, सर गारफील्ड सोबर्स, एडम गिलक्रिस्ट (विकेटकीपर), इमरान खान (कप्तान), वसीम अकरम, शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा.
यह भी पढ़ें- 6,6,6,6,6: पंड्या के 1 ओवर में अफरीदी ने ठोक दिए 31 रन, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ हारी हुई बाजी जीती, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं