- रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की घटना की जांच में अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आए
- आरोपियों के बैंक खातों में सीधे पैसे जमा किए गए थे, जिन्हें एटीएम के माध्यम से विभिन्न स्थानों से डाला गया था
- पुलिस को शक है कि फंडिंग किसी संगठित नेटवर्क के जरिए हुई है, जिसमें नेपाल से जुड़े तार हो सकते हैं
मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना अब केवल एक आपराधिक वारदात नहीं रह गई है, बल्कि इसकी जांच में अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के संकेत मिलने लगे हैं. जैसे-जैसे मुंबई क्राइम ब्रांच की तफ्तीश आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले की परतें खुलती जा रही हैं.
सीधे आरोपियों के बैंक खाते में पहुंचे थे पैसे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग को अंजाम देने वाले आरोपियों तक जो पैसे पहुंचे, वह सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराए गए थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन खातों में रकम एटीएम के जरिए अलग-अलग जगहों से डाली गई. यह पैसा किसने जमा कराया और उसके पीछे कौन है, इसे लेकर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है.
नेपाल कनेक्शन भी आया सामने
क्राइम ब्रांच को शक है कि यह लेनदेन किसी संगठित नेटवर्क के जरिए किया गया. सूत्रों का कहना है कि आगरा मॉड्यूल से जुड़े आरोपियों को जो फंडिंग मिली, उसके तार नेपाल से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है, लेकिन इस एंगल को गंभीरता से जांचा जा रहा है. नेपाल कनेक्शन की आशंका के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं.
आर्थिक लेनदेन की पूरी चेन समझने के लिए पुलिस ने संबंधित बैंकों को पत्र लिखकर खातों की डिटेल स्टेटमेंट, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और कैश जमा कराने वाले व्यक्ति की जानकारी मांगी है. जांच एजेंसियों का मानना है कि पैसों की आवाजाही का पूरा ट्रैक मिलते ही इस साजिश के पीछे बैठे असली मास्टरमाइंड तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं