महाराष्ट्र में पुणे के एक फ्लैट में एक महिला की लाश मिली है. हैरान करने वाली बात है कि उसके परिवार को यह लग रहा था कि वह लंदन में पढ़ाई कर रही है. महिला का नाम मुग्धा देशमुख है और उसकी उम्र 34 साल थी.
पुलिस ने बताया कि फूड डिलीवरी से जुड़े लेनदेन से उसके माता-पिता को पता चला कि मुग्धा भारत में है. इसके कुछ दिन बाद ही यह घटना हो गई.
चुपचाप भारत लौट आई थी मुग्धा
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुग्धा देशमुख जुलाई 2025 में एमबीए की पढ़ाई करने के लिए ब्रिटेन गई थी और अगस्त 2026 में चुपचाप भारत लौट आई थी.
गुरुवार को उसका शव पिंपरी चिंचवड़ के गहुंजे इलाका स्थित एक आवासीय परिसर में मिला. उसके शरीर पर चोट का कोई बाहरी निशान नहीं मिला.
पुलिस के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली मुग्धा लंदन में अकेली रहती थी और वहां पार्ट-टाइम काम करती थी.
24 अक्टूबर से बंद था फोन
मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि फोन और मैसेज के जरिए बेटी से बात करते थे. लेकिन 24 अक्टूबर को परिवार के लोग उससे संपर्क नहीं कर पाए और उसका मोबाइल बंद हो गया.
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद परिवार ने लंदन में रहने वाली मुग्धा की एक सहेली से संपर्क किया, जिसने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को मैसेज पर बात हुई थी.
उन्होंने बताया कि सहेली ने इसके बाद मुग्धा के लापता होने की सूचना लंदन पुलिस को दी, लेकिन उसे बताया गया कि मुग्धा अगस्त के आखिरी में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थी.
मुग्धा के ठिकाने को लेकर चिंतित परिवार ने मदद के लिए भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से संपर्क किया.
यह भी पढ़ें | मामा के घर फंदे से लटकी मिली 20 साल की सलोनी; पिता बोले- 2 साल पहले नाना की हत्या हुई, अब बेटी को भी मार डाला
भारत में है मुग्धा, कैसे चला पता?
पुलिस के अनुसार, मुग्धा के पिता ने उसके बैंक खाते का स्टेटमेंट भी देखा और पाया कि 8 से 25 अक्टूबर के बीच खाने की ऑनलाइन डिलीवरी और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कई लेनदेन हुए थे.
इनमें से एक लेनदेन के छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से किए जाने का संदेह था. इससे परिवार को लगा कि मुग्धा भारत में हो सकती है.
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद परिवार ने उसकी सुरक्षा की चिंताओं के मद्देनजर छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया.
फ्लैट के अंदर मिली लाश
पिंपरी चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस थाने के एसपी देवेंद्र चव्हाण ने बताया, 'छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन गहुंजे स्थित लोधा बेलमोंडो परिसर में पता की. हम उस फ्लैट पर पहुंचे जहां वह रह रही थी. चाबी बनाने वाले की मदद से फ्लैट खुलवाया और अंदर उसका शव मिला.'
उन्होंने बताया कि शव पर चोट का कोई बाहरी निशान नहीं था और मौत का सही कारण पता लगाने के लिए उसके शरीर के विसरा को सुरक्षित रख लिया गया है.
चव्हाण ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुग्धा ने इस साल अप्रैल में फ्लैट किराये पर लिया था, लेकिन अगस्त में ब्रिटेन से लौटने के बाद ही वहां रहना शुरू किया था. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं