विज्ञापन

NEET-CET परीक्षा के तनाव में दो छात्राओं ने की आत्महत्या, नीट परीक्षा विवाद-पेपर लीक से टूटी थी बेट‍ियां

महाराष्ट्र के पुणे में सीईटी परीक्षा में कम अंक आने से तनाव में आई 18 वर्षीय छात्रा दुर्वा दत्तात्रय खांदवे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

NEET-CET परीक्षा के तनाव में दो छात्राओं ने की आत्महत्या, नीट परीक्षा विवाद-पेपर लीक से टूटी थी बेट‍ियां
  • पुणे के लोहगाव इलाके में छात्रा दुर्वा दत्तात्रय खांदवे ने सीईटी परीक्षा के कम अंक आने पर आत्महत्या की
  • छात्रा ने शुक्रवार सुबह अपने आवास पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, जिससे परिवार में शोक की लहर है
  • मानसिक तनाव और डिप्रेशन के चलते छात्रा ने यह कदम उठाया, जो परीक्षा परिणाम से निराश थी और अत्यधिक दबाव में थी

देश में इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं और उनके परिणामों को लेकर छात्रों में भारी मानसिक तनाव देखा जा रहा है. महाराष्ट्र के पुणे में सीईटी परीक्षा में कम अंक आने से एक छात्रा की आत्महत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब कर्नाटक से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ देशव्यापी नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक की खबरों से परेशान होकर एक बेहद प्रतिभाशाली और होनहार छात्रा ने मौत को गले लगा लिया. यह दोनों घटनाएं देश में परीक्षा प्रणाली और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.

कर्नाटक में होनहार स्टूडेंट ने किया सुसाइड

देश में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जारी भारी विवाद और घमासान के बीच कर्नाटक के कलाबुर्गी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. जहाँ एक होनहार छात्रा ने अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. सुसाइड करने वाली छात्रा की पहचान 18 वर्षीय भाग्यश्री पाटिल के रूप में हुई है. वह पढ़ाई में बेहद होनहार थी और उसने हाल ही में घोषित हुए सेकंड-ईयर पीयू (12वीं बोर्ड) के नतीजों में 92 फीसदी अंक हासिल किए थे.

पेपर लीक और री-एग्जाम का डिप्रेशन

मृतका के पिता राजशेखर पाटिल के अनुसार, 3 मई को हुई नीट परीक्षा में भाग्यश्री ने अच्छा प्रदर्शन किया था. मगर पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द होने और आगामी 21 जून को दोबारा परीक्षा (Re-NEET) देने के मानसिक दबाव ने उसे गहरे भावनात्मक संकट में डाल दिया था.

पुणे में सीईटी परीक्षा के तनाव में गई जान

इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे के लोहगाव इलाके में भी एक 18 वर्षीय छात्रा ने परीक्षा में कम अंक आने के डिप्रेशन के कारण अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान: मृत छात्रा का नाम दुर्वा दत्तात्रय खांदवे (उम्र 18 वर्ष) था. दुर्वा ने शुक्रवार सुबह अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीईटी परीक्षा में कम अंक मिलने के कारण वह भारी मानसिक तनाव में थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया. घटना की सूचना मिलते ही लोहगाव पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

पुणे से यशपाल सोनकांबले की र‍िपोर्ट

ये भी पढ़ें - 'कमरे का AC बंद कर, मास्क पहनकर देता था मॉक टेस्ट'...NEET AIR-1 तन्मय गुप्ता ने बताई स्ट्रेटजी, दिए ये टिप्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Student Suicide, Cet Exam Stress, Durva Dattatray Khandave
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com