- नासिक में बस के नीचे आने से 17 साल की छात्रा की मौत.
- मृतका त्र्यंबकेश्वर यात्रा पर जा रही थी. बस पकड़ने की होड़ में गई जान.
- ठक्कर बाजार बस स्टैंड पर भीड़ में धक्का लगने से हुआ हादसा.
महाराष्ट्र के नासिक में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें 17 साल की एक लड़की की मौत हो गई. जिले के ठक्कर बाजार बस स्टैंड पर, त्र्यंबकेश्वर धार्मिक यात्रा पर जा रही एक लड़की की ST बस के नीचे आने से मौत हो गई. यह दुखद हादसा रविवार रात करीब 10 बजे हुआ. मृतक की पहचान आकांक्षा रामभाऊ शेलार के तौर पर हुई है, जो ST बस के पिछले पहिये के नीचे आ गई थीं और उनकी मौत हो गई.
कैसे हुआ हादसा?
ठक्कर बाजार बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी. इस दौरान, बस पकड़ने की चाहत में तमाम यात्री इकट्ठा थे. बस के अंदर सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस में चढ़ने की होड़ के बीच भीड़ में धक्का लगने से आकांक्षा गिर गई और चलती बस के नीचे आ गई.
ये भी पढ़ें: नासिक में खेलते-खेलते पानी की टंकी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
आकांक्षा नासिक रोड के एक कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थीं और 17 अक्टूबर को उसका 18वां जन्मदिन होने वाला था. हादसे के सिलसिले में ST बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है. राज्य परिवहन निगम ने शुरुआती तौर पर इस घटना के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और भीड़ को जिम्मेदार ठहराया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं