विज्ञापन

सागर शराब कांड: 11 मौतें, 80 से ज्यादा बीमार, अफसरों पर एक्‍शन और FIR; अब तक क्‍या हुआ सब कुछ जानें?

सागर जिले में जहरीली अवैध शराब पीने से अब तक भाजपा नेता समेत 11 लोगों की जिंदगी खत्‍म हो गई. कई अस्‍पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रह हैं. पुलिस ने 20 लोगों पर नामजद एफआईआर की है.

सागर शराब कांड: मध्य प्रदेश के सागर जिले में  कथित जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है. जान गंवाने वालों में भाजपा नेता और बरा मंडल के महामंत्री हरनाम राय भी श‍ामिल हैं. वहीं, शराब पीने वाले 80 से ज्यादा लोग बीमार हैं. जिनका अलग-अलग अस्‍पतालों में इलाज चल रहा है. कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मामले में सागर के बंडा थाने में 20 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. यह जहरीली शराब यूपी के ललितपुर जिले से सागर पहुंची थी.  

जहरीली शराब के कहर की शुरुआत शनिवार 5 सितंबर की शाम हुई. शराब पीने के बाद से बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी थी. शुरुआत में लोगों को शरीर में अकड़न, घबराहट और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद देखते ही देखते मरीजों का आंकड़ा बढ़ने लगा. 
भाजपा नेता हरनाम राय की जहरीली शराब पीने से मौत.

भाजपा नेता हरनाम राय की जहरीली शराब पीने से मौत. Photo Credit: हनी दुबे

इन अस्‍पतालों में चल रहा मरीजों का इलाज 

जहरीली शराब से बीमार हुए 59 लोगों का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, 17 का जिला चिकित्सालय और 7 बंडा सिविल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. जबकि गंभीर रूप से बीमार भेड़ा गांव निवासी रामप्रसाद को ढाना से एयरलिफ्ट कराकर भोपाल एम्‍स में भर्ती कराया गया है. रामप्रसाद के पिता की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भी बीमार है. इसके अलावा भी कुछ मरीजों का निजी अस्‍पताल में इलाज चल रहा है.   

6 दुकानें सील, आबकारी अफसरों से लेकर TI पर कार्रवाई   

जहरीली शराब कांड के सामने आते ही सरकार तत्‍काल एक्‍शन में आई और अफसरों पर कार्रवाई शुरू की. प्रशासन की ओर से अब तक चार आबकारी अधिकारियों और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा समेत अन्‍य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया. साथ ही, क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा कि शराब में किस तरह का जहरीला रसायन मिला था.

यूपी के ललितपुर से सागर आई अवैध शराब 

सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि शुरुआती जांच में अवैध और जहरीली शराब के तार उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से जुड़ रहे हैं. जांच में सामने आया है क‍ि यह शराब ललितपुर से यहां पहुंची थी. पुलिस की ओर से मामले में 20 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे शराब बनाने और उसकी सप्लाई करने वाले आरोपियों तक पहुंचा जा सके. 

डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मरीजों से की मुलाकात.

डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मरीजों से की मुलाकात.

डिप्टी सीएम मरीजों से मिले, NDTV से क्‍या बोले?

इस दर्दनाक घटना के बाद डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे. उन्‍होंने मरीजों से मुलाकात के बाद NDTV से बातचीत में बताया क‍ि 4 लोगों की हालत गंभीर है.  1 व्यक्ति को एयर लिफ्ट करके भोपाल एम्स भेजा गया है. उन्‍होंने बताया कि 40-45 लोगों से मेरी व्यक्तिगत बात हुई है, वे सभी खतरे से बाहर हैं. मामले में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा, सभी पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी. डिप्‍टी सीएम ने कहा क‍ि मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.

सागर जहरीली शराब कांड: 10 मौतों के बाद एक्शन में CM यादव, आबकारी अफसरों से लेकर TI तक सस्पेंड

मिलावटी दूध से फर्जी दवाओं तक, महाराष्ट्र FDA की सर्जिकल स्ट्राइक; राज्यभर में 1554 ठिकानों पर छापेमारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sagar MP News, Sagar News, Poisonous Liquor Death, MP News, MP Sagar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com