- बीएसएफ के एक जवान ने साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस घटना में बीएसएफ के दो जवान की मौत हो गई.
- एक जवान ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें दो साथी जवानों की मौत हो गई.
- इस चौंकाने वाली घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
BSF Jawan Open Firing: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में स्थित BSF कैंप से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां बीएसएफ के एक जवान ने साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस घटना में बीएसएफ के दो जवान की मौत हो गई. घटना गुरुवार को मालदा जिले के बैष्णबनगर स्थित बीएसएफ कैंप की है. बताया गया कि एक जवान ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें दो साथी जवानों की मौत हो गई. इस चौंकाने वाली घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जिस जवान ने मारी गोली, वो पहले भी कर चुका था फायरिंग
बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक, दो जवानों की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. सूत्रों ने बताया कि आरोपी जवान पर एक साल पहले भी अपने साथियों पर फायरिंग करने का आरोप लगा था और उसे बीएसएफ कानून के तहत सजा दी गई थी. वह सजा कुछ दिन पहले ही खत्म हुई थी, जिसके बाद यह ताजा घटना हुई.
VIDEO | Malda, West Bengal: Two Border Security Force (BSF) personnel were killed and another was seriously injured after a fellow jawan opened indiscriminate fire inside the force's headquarters of the 71st and 119th battalions at 17th Mile under Baishnabnagar police station in… pic.twitter.com/7RO1xUPnAd
— Press Trust of India (@PTI_News) July 24, 2026
आरोपी जवान शिवम मिश्रा छत्तीसगढ़ का रहने वाला
मालदा के बिधाननगर में बीएसएफ की 119वीं और 71वीं बटालियन का मुख्यालय है. गुरुवार दोपहर को शिवम मिश्रा ने वहां अपने साथियों पर कथित तौर पर फायरिंग की. वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है.
बिहार के छपरा और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के जवान की मौत
मृतकों की पहचान बिहार के छपरा जिले के मांझी इलाके के रहने वाले 51 वर्षीय अजय कुमार सिंह और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के रहने वाले 37 वर्षीय अंबादर सुरेश डारगु के तौर पर हुई है. घायल जवान, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के पोलबा पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले मोहंदा गांव के 44 वर्षीय विकास ब्रह्म को मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. ये तीनों बीएसएफ की 71वीं बटालियन से हैं.
BSF के डीआईजी ने घटना की पुष्टि की, जांच जारी
बैष्णबनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है. जिला पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. बीएसएफ मालदा सेक्टर के डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा ने पुष्टि की कि जांच भी शुरू कर दी गई है. खबर है कि कुछ दिन पहले सजा पूरी होने के बाद आरोपी को घर भेजने की तैयारी चल रही थी. उन्हीं तैयारियों के बीच यह घटना हुई, जिससे बैष्णबनगर इलाके में सनसनी फैल गई.
यह भी पढ़ें - जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में मुंगेर का लाल शहीद; BSF जवान चंदन सिंह के गांव में पसरा सन्नाटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं