- महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने मुंबई-पुणे समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है
- मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में झमाझम बारिश होगी
- भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र में जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
महाराष्ट्र में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिए हो गया है जिससे राज्य में झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मुंबई, पुणे, सतारा, पालघर समेत कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव की वजह से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून महाराष्ट्र में एक्टिव है. जिससे यहां अच्छी बारिश शुरू हो चुकी है. मूसलाधार बारिश का असर कई जिलों में ट्रैफिक पर भी पड़ा है. जबकि मुंबई, पुणे, नासिक समेत अन्य शहरी क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.
महाराष्ट्र के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 4 से 6 जुलाई के बीच मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा पश्चिम महाराष्ट्र के सातारा, पुणे और नासिक के घाट क्षेत्रों में भी इस दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की स्थिति बन रही है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण स्थानीय यातायात प्रभावित हो सकता है. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. ऐसे में सभी जिलों में प्रशासन ने जरूरी काम शुरू कर दिए हैं. पालघर जिले में स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार से अगले दो दिनों के लिए सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं. लोगों से केवल जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की गई है.
#WATCH | मुंबई, महाराष्ट्र | शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 4, 2026
वीडियो मरीन ड्राइव से है। pic.twitter.com/P56FS4e6pL
ये भी पढ़ेंः VIDEO: देखते ही देखते समंदर में समा गया घर! कैमरे में कैद खौफनाक मंजर, खतरे में हैं 17 गांव
भारी बारिश से मुंबई हुआ पानी
मुंबई में कल देर रात से ही बारिश हो रही है. बीएमसी के मुताबिक पिछले 24 घंटों में शहर में 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है. जबकि पूर्वी उपनगरों में 89 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 85 मिलीमीटर तक बारिश हुई है. अच्छी बात यह है कि रात भर हुई बारिश के बावजूद मुंबई शहर के मुख्य निचले इलाकों से जलजमाव की कोई बड़ी खबर नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है. प्रशासन यहां एक्टिव बना हुआ है. मुंबई की लोकल ट्रेन सेवा भी सामान्य रूप से चल रही हैं और अब तक किसी बड़ी रुकावट की खबर नहीं है. अधिकारी मौसम पर नजर रखे हुए हैं क्योंकि दिन में और बारिश होने की संभावना है.
#WATCH महाराष्ट्र | कोल्हापुर में भोगवती नदी पर बना राधानगरी बांध, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से ओवरफ्लो हो गया है। (03.07) pic.twitter.com/QI0WbX8dPN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 3, 2026
कल्याण-डोंबिवली में स्कूल कॉलेजों में छुट्टी
शुक्रवार रात से ही कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, अंबरनाथ और बदलापुर इलाकों में भारी बारिश हो रही है. जिससे पूरे इलाके में आम जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ है. लगातार बारिश की वजह से कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया है. सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से ट्रैफिक पर भी असर पड़ा है. तेज बारिश को देखते हुए पूरे ठाणे जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है. एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल और कॉलेज शनिवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है. जिला प्रशासन ने सभी लोगों को बारिश के मौसम में सावधानी बरतने और बिना वजह बाहर नहीं निकलने की अपील की है.

ये भी पढ़ेंः शहरों में 'मौत के कुएं' बने खुले मैनहोल, 9 साल में 1200 से ज्यादा लोगों की जान गई, आंकड़े डरा रहे
महाराष्ट्र में हेल्पलाइन नंबर जारी
महाराष्ट्र में किसी भी आपात स्थिति में निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने को कहा है. BMC-1916, पालघर जिला हेल्पलाइन: 02525-297474/+91 8237978873, ठाणे नगर निगम (टीएमसी): 022-25364779/022-25301740/+91 9372338827, ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष: 1800-222-108 / 8657887101, पनवेल नगर निगम: 022-27458040 /41/42

बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेगी
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के साथ-साथ महाराष्ट्र के घाट इलाकों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है. मराठवाड़ा के इलाकों में भी आंधी-तूफान की स्थिति बन रही है. शुक्रवार को दक्षिण कोंकण-गोवा जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा मुंबई में भी तटीय क्षेत्रों में 4.27 मीटर ऊंची लहरों के उठने की चेतावनी है. पुलिस ने नागरिकों और पर्यटकों को समुद्र तटों जैसे मरीन ड्राइव, जुहू बीच से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में 1 हफ्ते बरसेंगे बदरा, यूपी, पंजाब-हरियाणा से राजस्थान में भी झमाझम बारिश, जानें आज का मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं