विज्ञापन

गणेशोत्सव 2026: बॉम्बे हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, POP से बनीं गणेश मूर्तियों का विसर्जन कैसे-कहां होगा?

बॉम्बे हाई कोर्ट ने गणेशोत्सव 2026 से पहले मुंबई के मंडलों को राहत दी है. कोर्ट ने 6 फीट से ऊंची POP मूर्तियों के प्राकृतिक जल निकायों में विसर्जन की अस्थायी अनुमति दी है, जबकि 6 फीट तक की मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में ही होगा.

गणेशोत्सव 2026: बॉम्बे हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, POP से बनीं गणेश मूर्तियों का विसर्जन कैसे-कहां होगा?
Ganesh Chaturthi 2026 bombay high court permits pop ganesh idol immersion
  • साल 2026 में गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी और यह उत्सव पूरे देश में बड़े उत्साह से मनाया जाएगा
  • बॉम्बे हाई कोर्ट ने 6 फीट से ऊंची POP मूर्तियों के प्राकृतिक जल निकायों में विसर्जन की अस्थायी अनुमति दी है
  • 6 फीट या उससे छोटी मूर्तियों का विसर्जन केवल कृत्रिम तालाबों में ही अनिवार्य रूप से किया जाएगा

Ganesh Chaturthi 2026:  साल 2026 में गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी. इस अवसर पर पूरा देश भगवान गणेश की विशेष आराधना करेगा. गणेशोत्सव के दौरान पूरे देश की नजरें महाराष्ट्र पर टिकी रहती हैं, जहां पूरा राज्य गणपति बप्पा की भक्ति के रंग में रंग जाता है. गणेशोत्सव 2026 से पहले मुंबई के गणपति मंडलों को राहत देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है. 

बॉम्बे हाई कोर्ट ने प्राकृतिक जल निकायों में 6 फीट से ऊंची प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी गणेश मूर्तियों के विसर्जन की अस्थायी रूप से अनुमति दे दी है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि पिछले साल की भांति इस साल भी 6 फीट से ऊंची पीओपी मूर्तियों का विसर्जन प्राकृतिक जल निकायों में किया जा सकेगा. वहीं, 6 फीट या उससे छोटी POP मूर्तियों का विसर्जन अनिवार्य रूप से कृत्रिम तालाबों में ही करना होगा.

अंतरिम आदेश को लेकर सरकार की पहल

24 जुलाई 2025 के अंतरिम आदेश के अनुसार, 6 फीट तक ऊंची मूर्तियों को कृत्रिम झीलों में विसर्जित करना अनिवार्य है. महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को अदालत का रुख किया था ताकि अंतिम फैसला आने तक यह स्पष्ट हो सके कि कौन सा अंतरिम आदेश (9 जून या 24 जुलाई) लागू रहेगा.

अंतिम फैसले तक लागू रहेंगे पुराने नियम

जस्टिस अजय गडकरी और जस्टिस कमल खाता की पीठ ने स्पष्ट किया कि 24 जुलाई 2025 के आदेश में निर्धारित दिशा-निर्देश तब तक लागू रहेंगे, जब तक कोर्ट POP मूर्तियों के पूर्ण प्रतिबंध पर अपना अंतिम फैसला नहीं सुना देता.

इस बार 12 दिनों का होगा गणेशोत्सव

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में गणेशोत्सव 14 सितंबर (सोमवार) से शुरू हो रहा है. इस बार तिथियों के विशेष संयोग के कारण यह उत्सव 10 या 11 दिनों के बजाय पूरे 12 दिनों का होगा, जिसका समापन 25 सितंबर (शुक्रवार) को अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के साथ होगा.

यह भी पढ़ें - IAS तुकाराम मुंढे को शाहरुख, अजय व टाइगर के जवाब का इंतजार, फिर एक्शन लेंगे FDA कमिश्नर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Ganesh Chaturthi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com